शादी का झांसा देकर महिला से 20 लाख ठगे, गुजरात के सात आरोपी हिरासत में
नागपुर में मैट्रिमोनियल साइट के जरिए एक महिला से करीब 20 लाख रुपए ऐंठने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। अपराध शाखा यूनिट-3 और साइबर क्राइम टीम ने मिलकर गुजरात के सात आरोपियों को हिरासत में लिया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 18.45 लाख रुपए का माल जब्त किया है। गिरोह के तार हवाला नेटवर्क से जुड़े होने की आशंका भी जताई जा रही है।
गणेशपेठ पुलिस थाने में दर्ज शिकायत की जांच के दौरान यह गिरोह पकड़ में आया। पुलिस के अनुसार, पीड़ित महिला ने मैट्रिमोनियल साइट पर अपना प्रोफाइल बनाया था। 17 सितंबर को एक अज्ञात व्यक्ति ने उसे फोन किया और धीरे-धीरे दोस्ती कर ली। उसने खुद को सोने और मॉल के कारोबार से जुड़ा कारोबारी बताया। ब्रिटेन में कपड़ों का मॉल होने और भारत में भी कारोबार करने की बात कहकर उसने महिला का भरोसा जीता।
कुछ समय बाद आरोपी ने महिला से शादी करने और भारत में ही बसने की इच्छा जताई। उसने भरोसा दिलाया कि वह उसके लिए बड़ी मात्रा में सोना और विदेशी मुद्रा लेकर भारत आ रहा है। उसने कहा कि वह 70 तोला सोना और 70 हजार अमेरिकी डॉलर साथ ला रहा है।
फिर अचानक उसका फोन आया कि दिल्ली एयरपोर्ट पर कस्टम अधिकारियों ने उसे पकड़ लिया है। सोना और डॉलर छुड़ाने के लिए 13 लाख 92 हजार रुपए जमा करने होंगे, ऐसा उसने बताया। शादी और विदेशी दूल्हे के सपने में उलझी महिला उसकी बातों में आती गई। इसके बाद कभी कस्टम की कार्रवाई तो कभी दूसरे खर्चों के नाम पर बार-बार रकम मंगवाई गई और करीब 20 लाख रुपए ऐंठ लिए गए।
लगातार पैसे देने के बाद जब महिला को ठगी का एहसास हुआ, तो उसने पुलिस में शिकायत की। मामला सामने आते ही अपराध शाखा यूनिट-3 और साइबर टीम ने तकनीकी जांच शुरू की। मोबाइल नंबर, कॉल डिटेल और दूसरे तकनीकी सुरागों के आधार पर पुलिस गिरोह के सदस्यों की गतिविधियों पर नजर रखती रही।
पुलिस ने शिकायतकर्ता को साथ लेकर जाल बिछाया। ठगी की अगली वारदात की तैयारी कर रहे छह आरोपियों को वर्धमान नगर के एक बंगले से हिरासत में लिया गया। एक आरोपी को मुंबई से पकड़ा गया।
पुलिस ने आरोपियों के पास से 15 लाख रुपए कीमत की हैरियर कार, करीब 80-80 हजार रुपए कीमत के दो दोपहिया वाहन, करीब 1.70 लाख रुपए के आठ मोबाइल फोन और 15 हजार रुपए नकद जब्त किए हैं। जब्त सामग्री की कुल कीमत करीब 18 लाख 45 हजार रुपए बताई गई है।
हिरासत में लिए गए आरोपी गुजरात के अलग-अलग जिलों के निवासी बताए गए हैं। इनके नाम हैं जयेश अमृत ठाकुर (20), यशपाल आमसिंह चौहान (24), कुलदीपसिंह विक्रम जडेजा (26), राजेंद्रसिंह राणा वाघेला (34), नरपत बाबु सिंग (27), उपेंद्र नागजीभाई जोशी (28) और भानुसिंह जसवंतसिंह वाघेला (29)।
प्रारंभिक पूछताछ में पुलिस को पता चला है कि आरोपी नागपुर को केंद्र बनाकर अंतरराज्यीय स्तर पर ठगी का नेटवर्क चला रहे थे। पुलिस को गिरोह के अंतरराष्ट्रीय हवाला नेटवर्क से जुड़े होने की आशंका भी है। सभी आरोपियों की मेडिकल जांच के बाद उन्हें आगे की कार्रवाई के लिए गणेशपेठ पुलिस के हवाले कर दिया गया। जांच एजेंसियां अब यह पता लगा रही हैं कि नेटवर्क में और कितने लोग शामिल हैं और विदेश से इसके संपर्क कितने गहरे हैं। मामले की जांच जारी है।
खबर छप चुकी है, लेकिन लाइव थ्रेड अभी शुरू नहीं हुआ। डेस्क कोई अपडेट डालते ही वह यहाँ दिखेगा।