सैफ चैंपियनशिप में भारत ने पाकिस्तान को 3-2 से हराया, सुहेल भट्ट ने दागे दो गोल
सैफ चैंपियनशिप 2026 के पहले मैच में भारत ने पाकिस्तान को 3-2 से हरा दिया। पहले हाफ में 3-0 की बढ़त के बाद इंजरी टाइम में पाकिस्तान ने दो गोल किए, पर भारत जीत गया।
सैफ चैंपियनशिप 2026 का पहला मैच भारत और पाकिस्तान के बीच खेला गया। इस मुकाबले में भारतीय टीम ने पाकिस्तान को 3-2 से हरा दिया और टूर्नामेंट में जीत के साथ शानदार शुरुआत की।
बांग्लादेश के ढाका नेशनल स्टेडियम में हुए इस हाई-वोल्टेज मैच में भारतीय खिलाड़ियों ने शुरू से ही दबदबा बनाए रखा और पहले हाफ में ही तीन गोल दाग दिए। आखिरी पलों में पाकिस्तान ने वापसी की कोशिश की और दो गोल किए, लेकिन वह भारत को जीत से नहीं रोक सका। जीत के हीरो सुहेल भट्ट रहे, जिन्होंने मैच में दो गोल किए।
पाकिस्तान के खिलाफ भारतीय खिलाड़ियों ने शुरुआत से ही आक्रामक रुख अपनाया। मैच के 13वें मिनट में मोहम्मद सोहेल के शानदार पास पर सुहेल भट्ट ने गोल करके भारत को 1-0 की बढ़त दिला दी।
सात मिनट बाद, यानी 19वें मिनट में सुहेल भट्ट ने एक बार फिर गोल किया और भारत की बढ़त 2-0 हो गई। इसके बाद भी भारतीय टीम ने हमले जारी रखे। 23वें मिनट में मंगलनथांग किपगेन ने तीसरा गोल करके पाकिस्तान की मुश्किलें और बढ़ा दीं।
पाकिस्तानी गोलकीपर ने गेंद रोकने की कोशिश की, लेकिन वह कामयाब नहीं हो सका। इस तरह पहले हाफ के आखिर तक भारत 3-0 से आगे था। दूसरी तरफ पाकिस्तानी टीम पहले हाफ में भारतीय डिफेंस को भेद नहीं पाई।
दूसरे हाफ में भी भारत का दबदबा बना रहा और उसने पाकिस्तान को गोल करने का एक भी मौका नहीं दिया। लग रहा था कि भारत यह मैच आसानी से 3-0 से जीत लेगा, लेकिन इंजरी टाइम में पाकिस्तान ने अचानक मैच की तस्वीर बदल दी। 91वें मिनट में नजीब उल्लाह ने पाकिस्तान का पहला गोल करके स्कोर 3-1 कर दिया।
इसके बाद पाकिस्तानी खिलाड़ी आक्रामक हो गए और 94वें मिनट में अली खान गाजी ने गजब की फुर्ती दिखाते हुए दूसरा गोल दागा। इससे स्कोर 3-2 हो गया। लेकिन इसके बाद पाकिस्तान बराबरी का गोल नहीं कर सका। आखिर में भारतीय टीम ने अपनी बढ़त बनाए रखी और मैच 3-2 से जीत लिया।
कमेंट
अभी कोई कमेंट नहीं। पहले आप लिखिए।