रिव्ह्यू खराब फिर भी 'द वन' ने पहले दिन कमाए 8.51 करोड़, सिद्धार्थ मल्होत्रा की फिल्म को ट्रोलिंग
सिद्धार्थ मल्होत्रा और तमन्ना भाटिया की फिल्म को क्रिटिक्स ने बुरी तरह नकारा, फिर भी ओपनिंग डे कलेक्शन ठीकठाक रहा।
सिद्धार्थ मल्होत्रा और तमन्ना भाटिया की नई फिल्म 'द वन' यानी Vvan 25 सितंबर को रिलीज हुई थी। इस फिल्म से लोगों को काफी उम्मीदें थीं क्योंकि इसका विषय बिल्कुल अलग था, स्टोरी बिहार के वन देवी मंदिर और छठ पूजा के महत्व पर आधारित है। लेकिन रिलीज होते ही दर्शकों और क्रिटिक्स को यह फिल्म खास पसंद नहीं आई। फिर भी पहले दिन फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर ठीकठाक कमाई कर ली।
SACNILK के आंकड़ों के मुताबिक 'द वन' ने पहले दिन भारत में 8.51 करोड़ रुपये की नेट कमाई की है, जबकि ग्रॉस कलेक्शन 10.20 करोड़ रुपये रहा। देशभर में 1420 शो लगे थे, लेकिन थिएटर में सिर्फ 26 प्रतिशत लोग ही पहुंचे। इसके बावजूद सिद्धार्थ मल्होत्रा के लिए यह कमाई अच्छी मानी जा रही है, क्योंकि उनकी पिछली 10 फिल्में बॉक्स ऑफिस पर ज्यादा नहीं चल पाई थीं। उनकी पिछली फिल्मों के मुकाबले देखें तो 'द वन' की ओपनिंग बेहतर रही है और पहले दिन कमाई भी ज्यादा हुई है।
बॉक्स ऑफिस पर आंकड़ा भले ही ठीकठाक हो, लेकिन क्रिटिक्स ने इस फिल्म को पूरी तरह से नकार दिया है। इंडियन एक्सप्रेस की जानी-मानी समीक्षक शुभ्रा गुप्ता ने इस फिल्म को 'टॉर्चर' कहा है और सिर्फ आधा स्टार रेटिंग दी है। सोशल मीडिया पर भी फिल्म को लेकर मीम्स बन रहे हैं और लोग जमकर ट्रोल कर रहे हैं। दर्शकों का कहना है कि वन देवी की कहानी और छठ पूजा का विषय अच्छा था, लेकिन कहानी इतनी बिखर गई है कि देखी नहीं जाती। फिल्म आखिर तक बांधकर नहीं रख पाती, अलग-अलग ट्रैक डालकर और भी कन्फ्यूजन पैदा किया गया है।
इस फिल्म से लोगों की उम्मीदें इसलिए भी ज्यादा थीं क्योंकि इसे TVF ने डायरेक्ट किया है। पंचायत जैसी हिट वेब सीरीज बनाने वाले दीपक कुमार मिश्रा ने इस फिल्म के जरिए पहली बार बड़े पर्दे पर डायरेक्शन किया है।
दर्शकों का कहना है कि कॉन्सेप्ट अच्छा था और कलाकारों ने भी अच्छा काम करने की कोशिश की, लेकिन रिसर्च ठीक से नहीं की गई, कहानी बिखरी हुई है और बिना जरूरत के कई चीजें दिखा दी गई हैं। इस वजह से एक अच्छी रहस्यमयी कहानी नहीं बन पाई। कई लोगों का यह भी कहना है कि डायरेक्शन ठीक है, लेकिन VFX पर और मेहनत की जरूरत थी। इस फिल्म का प्रोडक्शन एकता कपूर, शोभा कपूर, अरुणाभ कुमार और नीरज कोठारी ने किया है।