नंदनवन इलाके में रात को कार से गोली चलाई, वणी में पुलिस के हाथ लगा आरोपी
हसनबाग चौक पर कार से पिस्तौल चलाने के आरोपी रोशन उर्फ गोट्या को क्राइम ब्रांच ने यवतमाल के वणी से पकड़ा।
नागपुर के नंदनवन थाना इलाके में हसनबाग परिसर आधी रात को अचानक हड़कंप में आ गया। एक कार में सवार आदमी ने पिस्तौल से फायरिंग की और वहां से भाग निकला। मौके पर उसे कोई पहचानता नहीं था। फिर भी कार के नंबर और तकनीकी जांच के सहारे क्राइम ब्रांच की टीम ने आरोपी तक पहुंचकर उसे यवतमाल के वणी में पकड़ लिया। पकड़े गए आरोपी की पहचान ज्ञानेश्वरनगर, मानेवाड़ा रोड निवासी रोशन उर्फ गोट्या अशोक मोहिते गायकवाड़ के रूप में हुई है।
पुलिस ने यह मामला हसनबाग के रहने वाले आबिद खान मोहम्मद खान की शिकायत पर दर्ज किया है। आबिद रात करीब 1.30 बजे अपना काम खत्म कर दोपहिया वाहन से घर लौट रहे थे। हसनबाग चौक पर डीएल मोटर्स के सामने एम.एच.49-डी.ए.3399 नंबर की कार की खिड़की से एक व्यक्ति ने हाथ बाहर निकाला और पिस्तौल से फायरिंग कर दी। आबिद घबरा गए और कार चलाने वाला वहां से भाग गया।
सूचना मिलते ही नंदनवन पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट समेत कई धाराओं में मामला दर्ज किया। कार के नंबर से पुलिस को गोट्या का सुराग मिला, लेकिन तब तक वह शहर छोड़कर जा चुका था। क्राइम ब्रांच यूनिट 4 के पीएसआई जितेश आरवेल्ली, हेड कांस्टेबल देवेंद्र नवघरे, गोविंद देशमुख और श्रीकांत मारवाड़े ने उसका पीछा शुरू किया।
टीम चंद्रपुर पहुंची तो खबर मिली कि गोट्या यवतमाल की तरफ जा रहा है। पुलिस फौरन वणी पहुंची और उसे दबोच लिया। जानकारी मिली है कि गोट्या की हसनबाग के शिराज नामक किसी अपराधी से दुश्मनी चल रही थी और वह पिछले 2 महीनों से उसे धमका रहा था। बताया गया है कि बुधवार रात उसने शिराज को डराने और धमकाने के इरादे से हसनबाग में फायरिंग की। पुलिस उसे लेकर नागपुर के लिए रवाना हो चुकी थी।
इसी बीच एक और कार्रवाई में सक्करदरा और तहसील पुलिस ने हथियारों के साथ 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया। पहली कार्रवाई सक्करदरा पुलिस ने की। गवंडीपुरा परिसर में गश्त के दौरान पुलिस को सोलंकीवाड़ी निवासी फिरोज खान रफीक खान (33) संदिग्ध हालत में घूमता दिखा। उसके पास रखे बॉक्स की तलाशी में 2 तलवारें मिलीं। उसे तुरंत गिरफ्तार कर हथियार जब्त कर लिए गए और उसके खिलाफ मामला दर्ज किया गया।
दूसरी कार्रवाई तहसील पुलिस ने टिमकी के दादरा पुल पर की। गश्त के दौरान पुलिस ने भानखेड़ा निवासी खोकर उर्फ सोनू केडी अलीमुद्दीन खोकर (29) को पकड़ा, जिसकी तलाशी में चाकू बरामद हुआ। दोनों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। दोनों मामलों में पुलिस आरोपियों से विस्तार से पूछताछ और जांच कर रही है।
खबर छप चुकी है, लेकिन लाइव थ्रेड अभी शुरू नहीं हुआ। डेस्क कोई अपडेट डालते ही वह यहाँ दिखेगा।