नंदनवन में देर रात फायरिंग, हवा में गोली चलाकर फरार हुए आरोपी
नागपुर के नंदनवन थाना क्षेत्र में गुरुवार देर रात कथित फायरिंग की घटना सामने आई, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। मामला हसनबाग फ्लाईओवर के नीचे का है। वहां रात करीब 12:30 बजे डीएल मोटर्स के सामने एक कार पहुंची, जिसमें 3 से 4 लोग सवार थे।
आरोप है कि कार में सवार लोगों में से एक व्यक्ति ने हवा में गोली चला दी। गोली की आवाज सुनते ही आसपास मौजूद लोगों में दहशत फैल गई। घटना के बाद कार सवार मौके से फरार हो गए।
जानकारी के अनुसार, कार सवारों के पहुंचने के कुछ देर बाद कथित तौर पर एक युवक ने हवा में फायरिंग की। आवाज सुनकर लोग बाहर निकले, लेकिन तब तक आरोपी कार लेकर मौके से निकल चुके थे। यानी लोगों के पहुंचने से पहले ही कार सवार वहां से जा चुके थे।
घटना की सूचना मिलते ही नंदनवन पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया। पुलिस को संदिग्ध कार के संबंध में कुछ सुराग मिलने की जानकारी है।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, फायरिंग की घटना में महाल क्षेत्र के एक कथित अपराधी की भूमिका होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, पुलिस की ओर से इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
फायरिंग के पीछे का कारण क्या था और घटना में कौन-कौन शामिल था, यह जांच के बाद ही साफ होगा। फिलहाल नंदनवन पुलिस CCTV फुटेज और अन्य सुरागों के आधार पर संदिग्ध आरोपियों की तलाश कर रही है।
खबर छप चुकी है, लेकिन लाइव थ्रेड अभी शुरू नहीं हुआ। डेस्क कोई अपडेट डालते ही वह यहाँ दिखेगा।