फर्जी प्रापर्टी डीलर ने 28 लाख हड़पे
फर्जी दस्तावेज के आधार पर फांसा, सोनेगांव थाने में मामला दर्ज
नागपुर.
नागपुर के सोनेगांव थाना परिसर में फ्लैट खरीदने के नाम पर 28 लाख की ठगी की गई है. मिहान निवासी निकिता रामपाल को आरोपी रितेश तिवारी ने खुद को प्रॉपर्टी डीलर का एजेंट बताया. उसने निकिता को फ्लैट नंबर 301 दिलाने का भरोसा दिया. उसने निकिता से 28 लाख 8 हजार रुपये लिए. इसके बाद उक्त फ्लैट को कंपनी के माध्यम से दूसरे व्यक्ति को बेच दिया. निकिता से लिए गए रुपये हजम कर लिए. निकिता के रुपये मांगने पर रितेश टालमटोल करने लगा. वह रुपये मांगने के लिए रितेश के घर पहुंची. रितेश तिवारी और उसके पिता हरिप्रसाद तिवारी ने रुपये देने से इनकार करके उनकी शिकायत करने पर देख लेने की धमकी दी. निकिता की शिकायत पर सोनेगांव पुलिस ने मामला दर्ज किया है.