नानी की 'द पैराडाइज' रिलीज के पहले ही दिन 76.90 करोड़ रुपये की कमाई, करियर की सबसे बड़ी ओपनिंग
तेलुगू सुपरस्टार नानी की फिल्म ने पहले दिन दुनियाभर में जबरदस्त कमाई की, हिंदी में 'हनुमान अंश' अभी भी आगे
तेलुगू सुपरस्टार नानी की नई फिल्म 'द पॅराडाइज' ने बॉक्स ऑफिस पर धमाकेदार एंट्री की है। 24 सितंबर को रिलीज हुई इस एक्शन-थ्रिलर फिल्म ने रिलीज के पहले ही दिन दुनियाभर में 76.90 करोड़ रुपये की कमाई कर ली। खास बात यह है कि यह नानी के अब तक के करियर की सबसे बड़ी ओपनिंग बन गई है। इससे पहले उनकी फिल्म 'हिट: द थर्ड केस' के नाम ओपनिंग डे का रिकॉर्ड था, जिसे अब 'द पॅराडाइज' ने पीछे छोड़ दिया है।
सैकनिल्क की आंकड़ों के मुताबिक फिल्म ने पहले दिन भारत में 34.65 करोड़ रुपये की नेट कमाई की। भारत में इसका ग्रॉस कलेक्शन 54.90 करोड़ रुपये रहा, जबकि विदेश से 22 करोड़ रुपये की कमाई आई। इस तरह वर्ल्डवाइड कलेक्शन 76.90 करोड़ रुपये तक पहुंच गया।
इससे पहले बुधवार को हुए लिमिटेड प्रीव्यू शो में भी फिल्म ने 11.60 करोड़ रुपये की नेट कमाई की थी। इसको जोड़कर भारत में फिल्म की कुल नेट कमाई 46.25 करोड़ रुपये हो गई है। रिपोर्ट्स के मुताबिक फिल्म का बजट करीब 200 करोड़ रुपये बताया जा रहा है।
'द पॅराडाइज' ने नानी की 2025 में आई फिल्म 'हिट: द थर्ड केस' का ओपनिंग डे रिकॉर्ड तोड़ दिया है, जिसने भारत में पहले दिन करीब 21 करोड़ रुपये कमाए थे। इसके अलावा नानी और डायरेक्टर श्रीकांत ओडेला की 2023 की फिल्म 'दसरा' ने भी पहले दिन भारत में 23.20 करोड़ रुपये की नेट कमाई की थी। इन दोनों फिल्मों के मुकाबले 'द पॅराडाइज' की शुरुआत ज्यादा बड़ी रही है।
हालांकि नानी के करियर की सबसे बड़ी ओपनिंग होने के बावजूद 'द पॅराडाइज' कुछ बड़ी तेलुगू फिल्मों को पीछे नहीं छोड़ पाई। 'द राजा साब' ने भारत में 53.75 करोड़ रुपये नेट और दुनियाभर में 100.20 करोड़ रुपये कमाए थे। 'पेड्डी' ने भारत में 51 करोड़ रुपये नेट और वर्ल्डवाइड 110.49 करोड़ रुपये की कमाई की थी। इनके मुकाबले 'द पॅराडाइज' की भारत में 34.65 करोड़ और वर्ल्डवाइड 76.90 करोड़ रुपये की कमाई कम है। यानी नानी के अपने रिकॉर्ड के लिहाज से यह बड़ी ओपनिंग है, लेकिन इन बड़ी फिल्मों तक पहुंचने के लिए फिल्म को अभी लंबा रास्ता तय करना है।
हिंदी डब वर्जन में 'द पॅराडाइज' को उम्मीद के मुताबिक रिस्पॉन्स नहीं मिला है। गुरुवार को फिल्म के पहले दिन हिंदी वर्जन ने 2.25 करोड़ रुपये की नेट कमाई की। वहीं दूसरी तरफ 'हनुमान अंश' ने रिलीज के 49वें दिन भी हिंदी बॉक्स ऑफिस पर 3.65 करोड़ रुपये की नेट कमाई की। 'हनुमान अंश' की भारत में कुल नेट कमाई 288.33 करोड़ रुपये और दुनियाभर में ग्रॉस कलेक्शन 377.05 करोड़ रुपये हो चुका है। फिल्म ने 49वें दिन भी 6,729 शो से कमाई की।
हिंदी डब वर्जन में 'द पॅराडाइज' की कमाई भले 'हनुमान अंश' से कम रही हो, लेकिन इसने 'मिर्जापुर द मूवी' की 1.50 करोड़ रुपये की कमाई को पीछे छोड़ दिया है। यानी हिंदी मार्केट में फिल्म की शुरुआत पूरी तरह निराशाजनक नहीं है, हालांकि आने वाले दिनों में कमाई बनाए रखना जरूरी होगा।
इसी बीच कुणाल खेमू, प्रीति जिंटा और स्पर्श श्रीवास्तव की फिल्म 'वाइब' ने बॉक्स ऑफिस पर अपना पहला हफ्ता पूरा कर लिया है। करीब 40 करोड़ रुपये के बजट में बनी इस फिल्म ने पहले हफ्ते में 11.35 करोड़ रुपये की नेट कमाई की। लेकिन सातवें दिन फिल्म की कमाई एक करोड़ रुपये से घटकर 90 लाख रुपये पर आ गई। अब 'द वन', 'लव लॉटरी' और 'अवेंजर्स: एंडगेम एनकोर' जैसी नई रिलीज की वजह से 'वाइब' के शो की संख्या घटने की आशंका है।
दूसरी तरफ करीना कपूर खान और पृथ्वीराज सुकुमारन की फिल्म 'दायरा' की हालत बॉक्स ऑफिस पर और खराब है। मेघना गुलजार के डायरेक्शन में बनी इस फिल्म ने सात दिन में सिर्फ 6.36 करोड़ रुपये की नेट कमाई की है। गुरुवार को 'दायरा' ने सिर्फ 41 लाख रुपये की नेट कमाई की। पहले हफ्ते के बाद भी फिल्म की कमाई में कोई बड़ी बढ़त नहीं दिख रही।
अब शुक्रवार, 25 सितंबर से बॉक्स ऑफिस पर कुछ और नई फिल्में आ रही हैं। सिद्धार्थ मल्होत्रा और तमन्ना भाटिया की 'द वन', साथ में 'लव लॉटरी' और 'अवेंजर्स: एंडगेम एनकोर' रिलीज होने से दर्शकों के पास ज्यादा विकल्प होंगे। ऐसे में 'द पॅराडाइज' आने वाले दिनों में कितनी कमाई कर पाती है, इस पर सबकी नजर टिकी है।