नैनीताल में बारिश के बाद ठंड बढ़ी, टूरिस्ट गर्म कपड़ों की खरीदारी में जुटे
सरोवर नगरी नैनीताल में लगातार बारिश के बाद तापमान गिरा, बाजारों में जैकेट-स्वेटर की मांग बढ़ी
सरोवर नगरी के नाम से मशहूर नैनीताल का मौसम अचानक बदल गया है। पिछले तीन दिनों से यहां लगातार तेज बारिश हो रही है, और इस बारिश की वजह से कड़ाके की ठंड पड़ने लगी है जिससे पारा नीचे गिर गया है।
अचानक बढ़ी इस ठंड ने यहां घूमने आए टूरिस्टों की मुश्किलें भी बढ़ा दी हैं। गरम कपड़े ढूंढने के लिए उन्हें अपने होटल से बाहर निकलना पड़ रहा है। लोकल लोगों के साथ-साथ टूरिस्टों ने भी नैनीताल की मुख्य मार्केट में लोकरी यानी ऊनी कपड़े खरीदने के लिए भीड़ लगा दी है।
नैनीताल के बाजारों में इन दिनों टूरिस्ट जैकेट, स्वेटर और शरीर को गर्म रखने वाले दूसरे ऊनी कपड़े खरीदते नजर आ रहे हैं। दुकानदारों का कहना है कि मौसम में अचानक आए इस बदलाव की वजह से ऊनी कपड़ों की मांग में जबरदस्त उछाल आया है। यहां बारिश के बाद ठंडी हवाएं चलने लगती हैं, जिसकी वजह से लोगों के लिए घर में या सड़क पर सामान्य कपड़ों में रहना मुश्किल हो गया है।
दिल्ली से नैनीताल घूमने आई गरिमा ने बताया कि जब वे यहां पहुंचे थे तो शुरुआत में मौसम अच्छा था, लेकिन पिछले तीन दिनों से लगातार बारिश हो रही है और ठंड बढ़ गई है। उन्होंने कहा कि वे यहां आते वक्त ठंड के कपड़े लेकर नहीं आए थे, इसलिए अब बाजार जाकर जैकेट और दूसरे ऊनी कपड़े खरीदने पड़ रहे हैं।
वहीं मध्य प्रदेश से आए टूरिस्ट अवनीश ने बताया कि नैनीताल में इस वक्त कड़ाके की ठंडी हवाएं चल रही हैं। बारिश के बाद यहां अचानक ठंड बढ़ गई और ऐसा कुछ होगा इसका उन्हें अंदाजा ही नहीं था, इसलिए अब उन्हें ऊनी कपड़े खरीदने के लिए बाजार जाना पड़ रहा है।
भोटिया मार्केट में कपड़ों की दुकान चलाने वाले दिनेश भोटिया ने बताया कि नैनीताल में वैसे भी ठंड शुरू हो चुकी थी, और पिछले तीन दिनों की बारिश ने यहां के तापमान को और नीचे गिरा दिया। इसकी वजह से लोकल लोगों के साथ-साथ टूरिस्ट भी अब मामूली जैकेट की बजाय भारी स्वेटर, जैकेट और दूसरे गर्म कपड़ों की मांग कर रहे हैं, जिससे उन्हें अच्छा मुनाफा हो रहा है।
नैनीताल घूमने का प्लान बना रहे लोगों को आगे भी यहां के मौसम को लेकर अपडेट रहने की सलाह दी गई है। लगातार हो रही बारिश और बढ़ती ठंड को देखते हुए टूरिस्टों से कहा गया है कि वे बारिश की जैकेट के साथ-साथ ठंड की जैकेट भी साथ लेकर आएं। पहाड़ी इलाकों में बारिश के दौरान तापमान तेजी से नीचे गिरता है, और खूबसूरत नैनीताल में भी इस वक्त यही हालात देखने को मिल रहे हैं। जो लोग अक्टूबर की गर्मी से परेशान हैं, वे नैनीताल घूमने की प्लानिंग कर सकते हैं।