नागपुर में ट्रक से 500 किलो गांजा बरामद, एनसीबी ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया
नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो की मुंबई जोन यूनिट ने रविवार तड़के हुड़केश्वर में आउटर रिंग रोड पर स्टील पाइपों के बीच छिपा गांजा पकड़ा।
नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) की मुंबई जोन यूनिट ने नागपुर में नशे की तस्करी पर बड़ी कार्रवाई की है। टीम ने एक ट्रक से करीब 500 किलो गांजा जब्त किया। यह खेप ओडिशा के संबलपुर से नागपुर लाई जा रही थी। एनसीबी ने रविवार तड़के हुड़केश्वर इलाके में आउटर रिंग रोड पर महादेव ढाबे के पास ट्रक को रोककर यह माल पकड़ा।
कार्रवाई में तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है। इनमें नागपुर में खेप लेने वाला मुख्य आरोपी एस.ए.एस. युसूफ उर्फ राजाभाई शामिल है। उसके साथ आर.पी. गोलदार और ए. सरकार भी गिरफ्तार हुए हैं। बताया जा रहा है कि इससे नागपुर में चल रहे गांजा तस्करी के एक बड़े नेटवर्क का खुलासा हुआ है।
एनसीबी को पहले से खुफिया सूचना मिली थी कि पश्चिम बंगाल के दो तस्कर संबलपुर से गांजे की बड़ी खेप लेकर नागपुर पहुंचने वाले हैं। यह माल नागपुर में मौजूद मुख्य रिसीवर एस.ए.एस. युसूफ को सौंपा जाना था। इसके बाद अधिकारियों ने शहर में निगरानी बढ़ा दी और एक संदिग्ध ट्रक की हरकतों पर नजर रखी। ट्रक नागपुर-भंडारा मार्ग से होते हुए हुड़केश्वर पहुंचा, जहां उसे रोक लिया गया।
तलाशी शुरू हुई तो तस्करों की चाल खुल गई। ट्रक में इंदौर ले जाए जा रहे स्टील पाइप लदे थे और उन्हीं के बीच गांजे के पैकेट छिपाए गए थे। तलाशी में करीब 500 किलो गांजा मिला।
एनसीबी की पूछताछ में सामने आया कि गिरफ्तार मुख्य आरोपी एस.ए.एस. युसूफ उर्फ राजाभाई पिछले करीब 4-5 साल से नशे की तस्करी से जुड़ा है। जानकारी मिली है कि उसके खिलाफ पहले भी एनडीपीएस एक्ट के मामले दर्ज हैं। जांच एजेंसी के मुताबिक आरोपी नागपुर में रहकर गांजे की खेप लेने और आगे सप्लाई करने वाले नेटवर्क से जुड़ा था।
एजेंसी के अनुसार तस्कर पुलिस और जांच एजेंसियों की नजर से बचने के लिए अपने रूट और माल ढोने के तरीके बार-बार बदलते थे। सीधे और आम रास्ते की जगह वे लंबे और अप्रत्याशित रास्ते इस्तेमाल करते थे। ट्रक में स्टील पाइप जैसा सामान भरकर उसके बीच गांजा छिपाना भी इसी नेटवर्क की रणनीति का हिस्सा बताया जा रहा है।
अब एनसीबी गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है। कोशिश यह है कि गांजे की सप्लाई से जुड़े दूसरे लोगों, रिसीवरों और साथियों की पहचान हो सके। अधिकारियों को आशंका है कि पूछताछ के बाद सप्लाई, खेप लेने और आगे पहुंचाने वाले नेटवर्क के और नाम भी सामने आ सकते हैं। मामले की आगे की जांच जारी है।
एनसीबी के मुताबिक 2026 में नागपुर और आसपास के इलाकों में गांजा तस्करी के खिलाफ यह एक और बड़ी कार्रवाई है। 11 अप्रैल को नागपुर में 209.85 किलो गांजा जब्त हुआ था और दो रिसीवरों सहित चार आरोपी गिरफ्तार किए गए थे। 22 मई को गोंदिया जिले में 702 किलो गांजा बरामद हुआ और दो तस्कर गिरफ्तार हुए। 30 जून को भंडारा जिले में 245 किलो गांजा जब्त हुआ और दो तस्कर गिरफ्तार हुए। 4 अक्टूबर को नागपुर में 500 किलो गांजे की यह खेप बरामद हुई और तीन तस्कर गिरफ्तार किए गए।
खबर छप चुकी है, लेकिन लाइव थ्रेड अभी शुरू नहीं हुआ। डेस्क कोई अपडेट डालते ही वह यहाँ दिखेगा।