नागपुर में एक ही नंबर प्लेट 4 ट्रकों पर, क्राइम ब्रांच ने पकड़ा, ट्रांसपोर्टरों पर मामला दर्ज
नागपुर में फाइनेंस कंपनी और बैंक की नजर से बचने के लिए ट्रांसपोर्टरों ने एक अजीब तरीका अपनाया। एक ही ट्रक का नंबर बाकी 3 गाड़ियों पर भी लगा दिया गया, ताकि रास्ते में कोई उनके वाहन न पकड़ सके। क्राइम ब्रांच के वाहन चोरी विरोधी दस्ते ने इस मामले का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने 4 वाहन जब्त किए हैं।
इस मामले में ट्रांसपोर्टरों के खिलाफ केस भी दर्ज हुआ है। आरोपियों में कलमना के नेताजीनगर के रहने वाले राजेंद्र सिंह सतनाम सिंह रंधावा (51) और सुखदेव सिंह राजेंद्र सिंह रंधावा (24) के नाम हैं। इनके साथ रायपुर के हीरापुर के रहने वाले शिवा सिंह लक्ष्मण जाधव का नाम भी आरोपियों में शामिल है।
क्राइम ब्रांच की टीम को खबर मिली थी कि कलमना मार्केट परिसर से माल लाने-ले जाने का काम करने वाले अलग-अलग ट्रकों पर एक ही नंबर प्लेट लगी हुई है। पुलिस के मुताबिक ट्रांसपोर्टर एक ही नंबर कई ट्रकों पर लगाकर शासन का राजस्व डुबो रहे थे।
इसी सूचना पर पुलिस ने रविवार देर रात कलमना मार्केट की पार्किंग में दबिश दी। जांच में 4 ट्रकों पर एम.एच.40-सी.टी.8683 नंबर दिखा। पूछताछ में पता चला कि ये ट्रक रंधावा के हैं।
एक ट्रक में पारले कंपनी के बिस्किट और 210 पोते चावल भी लदे थे। पुलिस ने चारों ट्रक वहीं जब्त कर लिए। जांच में सामने आया कि इनमें से एक ट्रक पर असली नंबर था और वह वाहन फाइनेंस कंपनी से क्लियर था।
बाकी वाहनों की किस्तें और लोन अभी बाकी थे। पुलिस के अनुसार फाइनेंस कंपनी के लोग इन गाड़ियों को न पकड़ पाएं, इसीलिए ट्रांसपोर्टरों ने अपने 3 वाहनों पर भी वही नंबर डाल रखा था। रंधावा के खिलाफ कलमना थाने में धोखाधड़ी की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। आगे की जांच कलमना पुलिस कर रही है।
पुलिस को आशंका है कि ट्रांसपोर्टरों के इस फर्जीवाड़े का जाल सिर्फ इन्हीं ट्रकों तक सीमित नहीं है। हो सकता है कि दूसरे वाहनों पर भी फर्जी नंबर प्लेट का इस्तेमाल किया गया हो।
इस कार्रवाई के बाद फर्जी नंबर प्लेट लगाकर गाड़ियां चलाने वाले दूसरे ट्रांसपोर्टरों और वाहन मालिकों में हड़कंप मच गया है। पुलिस अब बैंक लोन धोखाधड़ी, आरटीओ राजस्व की चोरी और फर्जी नंबर वाले दूसरे संभावित वाहनों का पता लगाने के लिए कलमना क्षेत्र में गहराई से जांच कर रही है।
खबर छप चुकी है, लेकिन लाइव थ्रेड अभी शुरू नहीं हुआ। डेस्क कोई अपडेट डालते ही वह यहाँ दिखेगा।