नागपुर में ATM पर पट्टी लगाकर 41 ग्राहकों के पैसे उड़ाने के आरोप में दो गिरफ्तार
हुड़केश्वर पुलिस ने कानपुर और जबलपुर के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
नागपुर की हुड़केश्वर पुलिस ने ATM मशीन में पट्टी चिपकाकर ग्राहकों के पैसे उड़ाने के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों में कानपुर के रहने वाले सतीश गोरेलाल राजपूत और जबलपुर के रहने वाले धर्मेंद्र राजकपूर शाहू शामिल हैं।
कुछ दिन पहले पुलिस ने हुड़केश्वर की कैनरा बैंक शाखा की प्रबंधक दिव्यांशा सीताराम मीना की शिकायत पर मामला दर्ज किया था। उन्होंने शिकायत में बताया था कि 12 से 14 सितंबर के बीच किसी अज्ञात आरोपी ने कैनरा बैंक की ATM मशीन के कैश डिस्पेंसर पर प्लास्टिक की पट्टी चिपका दी थी। ग्राहक अपना कार्ड स्वाइप करते थे, लेकिन रकम बाहर नहीं आती थी। बाद में आरोपी पट्टी हटाकर रकम निकाल लेते थे।
इस तरह 41 ग्राहकों के 1.52 लाख रुपये निकाले जा चुके हैं। पुलिस ने ATM की जांच की तो मशीन के कैश डिस्पेंसर पर पट्टी दिखाई दी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने कई ATM सेंटरों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। फुटेज में संदिग्धों की हलचल कैद हुई और ATM के कैश डिस्पेंसर के साथ छेड़छाड़ करते हुए दृश्य भी दिखे।
इसी आधार पर पुलिस ने अपना मुखबिर नेटवर्क सक्रिय किया। गुप्त सूचना के आधार पर जाल बिछाकर पुलिस ने पहले सतीश को हिरासत में लिया। कड़ाई से पूछताछ करने पर उसने जुर्म कबूल किया और गिरोह के दूसरे सदस्य धर्मेंद्र के ठिकाने की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस ने धर्मेंद्र को सीताबर्डी इलाके से गिरफ्तार किया। पूछताछ में सतीश ने धर्मेंद्र के साथ मिलकर ATM से कैश उड़ाने की बात बताई।
बैग की जांच में काले रंग की 5 पट्टियां, टेप, फेवीक्विक, कैंची और अलग-अलग बैंकों के ATM कार्ड मिले।
पुलिस जांच में सामने आया है कि दोनों आरोपी अलग-अलग राज्यों, उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश, के रहने वाले हैं। इससे आशंका जताई जा रही है कि वे किसी बड़े अंतरराज्यीय ATM फ्रॉड गिरोह का हिस्सा हो सकते हैं।
आरोपियों का तरीका काफी शातिराना था, जिससे आम लोग आसानी से झांसे में आ जाते थे। अब पुलिस दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड लेने की तैयारी में है, ताकि पता चल सके कि उन्होंने शहर या राज्य के और किन-किन इलाकों में ऐसी वारदातें की हैं।
खबर छप चुकी है, लेकिन लाइव थ्रेड अभी शुरू नहीं हुआ। डेस्क कोई अपडेट डालते ही वह यहाँ दिखेगा।