सोम‌वार, 16 नवंबर 2026

अभी सब्सक्राइब करें
प्राइम अलर्ट
सारे लाइव अपडेट

नागपुर में अप्रैल से कुत्तों की नसबंदी ठप, शहर में रोज़ाना औसतन 28 लोगों को काट रहे कुत्ते

पेड़ों वाली सड़क पर कई आवारा कुत्ते बैठे हैं, पीछे महिला और खड़े स्कूटर तस्वीरें सत्यापित नहीं हैं
शहर PT24 टीम

ठेकेदार एजेंसियों का अनुबंध खत्म होने के बाद नागपुर में 7 महीने से नसबंदी नहीं हुई। आवारा कुत्ते 1.10 लाख के पार हैं और काटने के मामले बढ़ते जा रहे हैं।

नागपुर में आवारा कुत्तों की नसबंदी का काम बीते अप्रैल महीने से पूरी तरह बंद पड़ा है। ठेका खत्म हो जाने की वजह से पिछले 7 महीनों में एक भी कुत्ते की नसबंदी नहीं हो पाई है। नतीजा यह है कि शहर की सड़कों पर कुत्तों की तादाद तेज़ी से बढ़ रही है और लोगों की सुरक्षा खतरे में है।

नागपुर महानगरपालिका का एनिमल बर्थ कंट्रोल (एबीसी) कार्यक्रम खत्म हो चुका है और 3 ठेकेदार एजेंसियों का अनुबंध भी समाप्त हो गया। इसके बाद से भांडेवाड़ी, गोरेवाड़ा और महाराजबाग के तीनों केंद्रों पर सिर्फ घायल कुत्तों का इलाज हो रहा है। नसबंदी का काम वहां बिल्कुल शून्य है।

एक मादा कुतिया साल में दो बार औसतन 6 से 8 पिल्लों को जन्म देती है। इस हिसाब से 7 महीनों में हज़ारों नए पिल्ले पैदा हो चुके हैं। सरकारी आंकड़ों में पहले शहर में 90 हज़ार कुत्ते दर्ज थे, लेकिन अब यह संख्या 1 लाख 10 हज़ार के पार चली गई है।

कुत्तों की संख्या बढ़ने के साथ लोगों पर हमले भी बढ़े हैं। इन मामलों में 62 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है। आंकड़ों के मुताबिक 2021 में कुत्ते के काटने की 5,800 घटनाएं दर्ज हुई थीं, जो 2024 में बढ़कर 9,427 हो गईं। साल 2025 के शुरुआती 7 महीनों में ही 6,056 मामले दर्ज हो चुके थे। यानी शहर में रोज़ाना औसतन 28 लोगों को कुत्ते काट रहे हैं, और इनमें से 5 हमले बेहद गंभीर होते हैं।

संसाधनों की भी भारी कमी है। 1 लाख से ज़्यादा आवारा कुत्तों से निपटने के लिए मनपा के पास कुत्ते पकड़ने वाली सिर्फ 10 गाड़ियां हैं। शेल्टर होम में कुत्तों को रखने की कुल क्षमता मात्र 320 है। इसमें भांडेवाड़ी में 150, गोरेवाड़ा में 120 और महाराजबाग में 50 कुत्तों की जगह है। सड़कों पर घूम रहे 1 लाख से ज़्यादा कुत्तों के मुकाबले यह बहुत कम है।

हाई कोर्ट इस हालत पर पहले ही नाराज़गी जता चुका है। उसने 23 अधिकारियों को ज़िम्मेदार ठहराया था और एसओपी तैयार करने तथा शेल्टर होम की संख्या बढ़ाने के आदेश दिए थे। इसके बावजूद मनपा के पास कुत्ते पकड़ने के लिए आज तक कोई मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) नहीं है। पशुचिकित्सा विभाग के एक अधिकारी ने खुद यह बात मानी है।

उधर सुप्रीम कोर्ट ने स्कूल, बस स्टैंड और अस्पताल परिसरों से आवारा कुत्तों को तुरंत हटाने के निर्देश दिए हैं। इससे मनपा प्रशासन की चिंता और बढ़ गई है।

#नागपुर#शहर#PT24#Civic#Nagpur

गूगल पर primetime24.com को अपना पसंदीदा स्रोत चुनिए आपके पसंदीदा स्रोतों की खबरें गूगल की टॉप स्टोरीज़ में ज़्यादा दिखती हैं।

विज्ञापन