मेयो के गर्ल्स होस्टल में हुई चोरी
सीसीटीवी में कैद हुई आरोपी, महिला चिकित्सकों की सुरक्षा पर सवाल
नागपुर.
सेंट्रल एवेन्यू स्थित मेयो अस्पताल में महिला चिकित्सकों की सुरक्षा पर सवाल खड़े हो गए है. गर्ल्स होस्टल में प्रशिक्षु महिला चिकित्सक के कमरे का ताला तोड़कर गहने उड़ा लिए गए. सीसीटीवी से महिला आरोपी द्वारा वारदात को अंजाम दिए जाने का पता चला है. तहसील पुलिस ने चोरी का मामला दर्ज किया है. डॉ. ईशा मेयो हॉस्पिटल के न्यू रेजीडेंसी हॉस्टल में रहती है. वह 12 अक्टूबर की सुबह अपने रूम को ताला लगाकर सहेली डॉ. अपूर्वा के रूम में गई थी. डॉ. अपूर्वा से भेंट करने के बाद अपने रूम में लौट आई. उन्हें अपने रूम का दरवाजा खुला हुआ मिला. रूम का सामान भी बिखरा हुआ. डॉ. ईशा ने हॉस्टल के सीसीटीवी का फुटेज देखा तो एक अज्ञात महिला उनके कमरे का ताला तोड़कर प्रवेश करती हुई दिखाई दी. महिला आसानी से रूम में प्रवेश किया था. वह डॉ. ईशा के कमरे से सोने की अंगूठी चुराकर फरार हो गई. ईशा की शिकायत के आधार पर तहसील पुलिस ने चोरी का मामला दर्ज कर जांच आरंभ की है. इस वारदात से महिला चिकित्सकों में दहशत मची हुई है. उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े किए है. उनका कहना है कि सुरक्षा कर्मी होने क बावजूद बाहरी महिला का गर्ल्स होस्टल में प्रवेश करना बेहद गंभीर है. पुलिस सीसीटीवी के आधार पर आरोपी महिला की खोज कर रही है.