ममता कुलकर्णी जयपुर में जंपसूट पहनकर स्टेज पर थिरकीं, 'करण अर्जुन' के गाने पर डांस
भगवा त्याग कर मॉडर्न लुक में लौटीं अभिनेत्री, जयपुर के एक कार्यक्रम में स्टूडेंट्स के साथ पुराने गानों पर डांस करते हुए वीडियो वायरल
अभिनेत्री ममता कुलकर्णी पिछले कुछ समय से अपनी पर्सनल लाइफ की वजह से चर्चा में बनी हुई हैं। 2025 में प्रयागराज के महाकुंभ के दौरान उन्होंने संन्यास का रास्ता अपनाने की बात कही थी, जिसके बाद वे भगवा कपड़ों में ही नजर आ रही थीं। लेकिन अब उनका बिल्कुल अलग अंदाज सामने आया है। एक वीडियो में वे जंपसूट पहनकर स्टेज पर डांस करते हुए दिखी हैं, और यह वीडियो सोशल मीडिया पर खूब चर्चा बटोर रहा है।
ममता 25 सितंबर को जयपुर में स्टूडेंट्स के एक कार्यक्रम में शामिल हुई थीं। राजस्थान फिल्म फेस्टिवल से जुड़े इस कार्यक्रम में उन्होंने स्टूडेंट्स से बातचीत की और उन्हें कामयाब होने के लिए कुछ टिप्स भी दिए। इसी कार्यक्रम में ममता ने अपने 90 के दशक के मशहूर गानों पर डांस किया।
ममता ने खुद इस कार्यक्रम का एक वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किया है, जिसमें वे फिल्म 'करण अर्जुन' के गाने 'भंगड़ा पाले' पर डांस करती नजर आ रही हैं। इसके अलावा उन्होंने 'घातक' और 'सबसे बड़ा खिलाड़ी' जैसी फिल्मों के गानों पर भी स्टेज पर परफॉर्म किया। इस दौरान स्टूडेंट्स भी उनके साथ डांस में शामिल हो गए।
खास बात यह रही कि कुछ समय पहले तक भगवा कपड़ों में दिखने वाली ममता कुलकर्णी जयपुर के इस कार्यक्रम में जंपसूट पहनकर मॉडर्न लुक में नजर आईं। उनके इस बदले हुए अंदाज को लेकर सोशल मीडिया पर लगातार चर्चा हो रही है।
ममता के इस वीडियो के सामने आने के बाद यूजर्स की मिली-जुली प्रतिक्रियाएं देखने को मिलीं। कुछ यूजर्स ने उनके संन्यास के फैसले का हवाला देते हुए सवाल उठाए, तो कुछ ने उनके डांस की तारीफ की। कई फैंस को ममता को दोबारा उनके पुराने गानों पर डांस करते देख 90 के दशक की याद आ गई।
इससे पहले जन्माष्टमी के एक कार्यक्रम में उनसे 'करण अर्जुन' के गाने पर डांस करने की गुजारिश की गई थी, जब उन्होंने "वो ममता मर चुकी है" कहकर डांस करने से इनकार कर दिया था। ऐसे में जयपुर का यह डांस वीडियो एक बार फिर से लोगों का ध्यान खींच रहा है।