मैनेजर ने सराफा कारोबारी को लगाया 90 लाख का चूना
15 साल का भरोसा निकला धोखा, स्टॉक की जांच में खुला गबन का खेल, शिकायत होते ही मैनेजर ने गटका फिनाइल
नागपुर.
जिस मैनेजर पर सराफा कारोबारी ने 15 साल तक आंख मूंदकर भरोसा किया, उसी ने दुकान के 90 लाख रुपये के सोने के गहनों पर हाथ साफ कर दिया. लंबे समय से दुकान में काम कर रहा मैनेजर ही मालिक के भरोसे का फायदा उठाकर गबन करता रहा. सोने के स्टॉक का मिलान हुआ तो इस बड़े खेल का खुलासा हुआ. मामला पुलिस तक पहुंचते ही आरोपी मैनेजर ने फिनाइल गटककर खुदकुशी का प्रयास किया. इस घटना से सराफा कारोबारियों में भी खलबली मच गई है.
मामला पांचपावली थाना क्षेत्र के इंदोरा चौक स्थित गुरुदेव ज्वेलर्स का है. लकड़गंज निवासी सुरेंद्र कोठारी इस दुकान के संचालक हैं. दुकान में 42 वर्षीय तरुण मोहनलाल नाहटा करीब 15 वर्षों से मैनेजर के रूप में काम कर रहा था. दूर का रिश्तेदार होने के कारण कोठारी को उस पर काफी भरोसा था. दुकान के आर्थिक व्यवहार से लेकर गहनों की खरीद-बिक्री तक की जिम्मेदारी उसी के पास थी. कुछ समय से कोठारी को दुकान में गहनों की बिक्री और उपलब्ध स्टॉक के बीच अंतर नजर आने लगा था. हालांकि दीपावली का सीजन होने के कारण वह तत्काल स्टॉक की जांच नहीं कर पाए. दीपावली के बाद 11 नवंबर को उन्होंने दुकान के गहनों का हिसाब-किताब खंगाला तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई. जांच में करीब 706 ग्राम सोने के गहने गायब मिले। इनकी बाजार कीमत लगभग 90 लाख रुपये बताई गई है. हैरानी की बात यह थी कि गायब गहनों की बिक्री का दुकान के रिकॉर्ड में कोई उल्लेख नहीं था. कोठारी ने जब मैनेजर तरुण नाहटा से इस बारे में जवाब मांगा तो उसने गहने बेचने की बात स्वीकार की. लेकिन बिक्री से मिली रकम कहां गई, इस सवाल पर वह गोलमोल जवाब देने लगा. इसके बाद कोठारी ने पांचपावली पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई.
शिकायत होते ही गटका फिनाइल
मामले की शिकायत पुलिस तक पहुंचते ही आरोपी मैनेजर ने फिनाइल पीकर खुद को नुकसान पहुंचाने का प्रयास किया. उसकी तबीयत बिगड़ने पर उसे तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया.घटना के बाद मामले ने और गंभीर मोड़ ले लिया. पांचपावली पुलिस ने जांच के बाद तरुण नाहटा के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 316(4) और भारतीय दंड विधान की धारा 408 के तहत मामला दर्ज किया है. पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि 706 ग्राम सोने के गहने कहां बेचे गए और उनसे मिली करीब 90 लाख रुपये की रकम आखिर किसके पास गई.
गूगल पर primetime24.com को अपना पसंदीदा स्रोत चुनिए आपके पसंदीदा स्रोतों की खबरें गूगल की टॉप स्टोरीज़ में ज़्यादा दिखती हैं।
कमेंट
अभी कोई कमेंट नहीं। पहले आप लिखिए।