मैगी को दें देसी तड़का, ऐसे बनाएं मसालेदार टेस्टी मैगी
घर पर सब्जियों और मसालों से बनाएं इंडियन स्टाइल मसाला मैगी, नोट करें आसान रेसिपी
मैगी हर किसी की फेवरेट डिश है, लेकिन इसमें अगर भारतीय मसालों का तड़का लग जाए तो स्वाद और भी बढ़ जाता है। प्याज, टमाटर, हरी मिर्च, शिमला मिर्च जैसी रोज की रसोई में मिलने वाली चीजों से आप घर पर ही चटपटी इंडियन स्टाइल मैगी बना सकते हैं। सुबह के नाश्ते के लिए हो, शाम की हल्की भूख के लिए या फिर अचानक आए मेहमानों के लिए, यह रेसिपी बहुत कम टाइम में तैयार हो जाती है। सब्जियां और मसाले मिलने से मैगी को अच्छी खुशबू, रंग और तीखापन मिल जाता है। आइए जानते हैं मसाला मैगी की झटपट और टेस्टी रेसिपी।
इसके लिए आपको दो पैकेट मैगी नूडल्स, एक मीडियम साइज बारीक कटा हुआ प्याज, एक मीडियम साइज बारीक कटा हुआ टमाटर, एक बारीक कटी हुई हरी मिर्च, एक चौथाई कप बारीक कटी शिमला मिर्च, एक चौथाई कप बारीक कटा गाजर, एक चौथाई कप मटर चाहिए। इसके अलावा एक से दो चम्मच तेल, एक चौथाई चम्मच हल्दी, आधा चम्मच लाल मिर्च पाउडर, आधा चम्मच गरम मसाला, एक चौथाई चम्मच जीरा, एक चौथाई चम्मच धनिया पाउडर, स्वाद अनुसार मैगी मसाला, जरूरत के हिसाब से नमक, दो से ढाई कप पानी और सजाने के लिए धनिया पत्ती लगेगी।
बनाने के लिए सबसे पहले कढ़ाई में तेल गरम करके उसमें जीरा डालें। जीरा तड़कने पर उसमें बारीक कटा प्याज और हरी मिर्च डालकर तब तक भूनें जब तक प्याज हल्का सॉफ्ट और पारदर्शी न हो जाए। इसके बाद कटा हुआ टमाटर, शिमला मिर्च, गाजर और मटर डालें। सारी सब्जियां अच्छे से मिलाकर दो से तीन मिनट तक भूनें, ताकि सब्जियों का कच्चापन निकल जाए।
अब इसमें हल्दी, लाल मिर्च पाउडर, धनिया पाउडर और गरम मसाला डालें। स्वाद अनुसार नमक डालकर एक मिनट तक ऐसे भूनें कि मसाले सब्जियों में अच्छे से लग जाएं। इसके बाद कढ़ाई में करीब दो से ढाई कप पानी डालें। मिक्सचर को चलाकर पानी को अच्छे से उबलने दें। अगर मैगी ज्यादा सूखी चाहिए तो पानी थोड़ा कम रख सकते हैं।
पानी उबलने लगे तो उसमें मैगी नूडल्स और उसके साथ आने वाला मसाला डालें। नूडल्स को हल्के हाथ से चलाते हुए सारे मसाले और सब्जियों में अच्छे से मिक्स करें। मैगी को मीडियम आंच पर करीब दो से तीन मिनट तक पकने दें, बीच-बीच में एक-दो बार चलाते रहें। नूडल्स पूरी तरह सॉफ्ट होने से पहले ही गैस बंद कर दें, इससे मैगी का टेक्सचर अच्छा बना रहता है। गैस बंद करने के बाद ऊपर से बारीक कटी धनिया पत्ती डालें और गरमागरम मसाला इंडियन स्टाइल मैगी सर्व करें।