सोम‌वार, 9 नवंबर 2026

अभी सब्सक्राइब करें
प्राइम अलर्ट
सारे लाइव अपडेट

केएल राहुल को 2023 वर्ल्ड कप फाइनल की कसक, बोले 30-40 रन और बनते तो तस्वीर अलग होती

केएल राहुल
केएल राहुल | फाइल फोटो | Telangana Today
खेल PT24 टीम

केएल राहुल ने 2023 वर्ल्ड कप फाइनल की हार पर अफसोस जताया। उनका कहना है कि 30 से 40 रन और बनते तो नतीजा अलग हो सकता था। फैंस के हार का जिम्मेदार ठहराने से उन्हें दुख होता है।

भारतीय बल्लेबाज केएल राहुल ने 2023 के एकदिवसीय वर्ल्ड कप फाइनल की हार पर अपने मन की कसक बयान की है। उनका कहना है कि उस दिन 30 से 40 रन और बन जाते तो मैच की तस्वीर अलग होती। कुछ फैंस वर्ल्ड कप की हार के लिए उन्हें जिम्मेदार मानते हैं, इस बात का दुख भी उन्होंने जताया।

राहुल ने यह बात भारत के पूर्व क्रिकेटर रविचंद्रन अश्विन के यूट्यूब चैनल पर बातचीत के दौरान कही। उन्होंने बताया कि ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ उस फाइनल की यादें आज भी उनके मन में घूमती रहती हैं। उस मैच में मिचेल स्टार्क की रिवर्स स्विंग गेंदबाजी खेलने में उन्हें दिक्कत आ रही थी।

राहुल के मुताबिक स्टार्क की गेंदों पर आक्रामक शॉट खेलने हैं या बचाव के साथ बल्लेबाजी जारी रखनी है, इसे लेकर उनके मन में उलझन थी। इसी सोच में उनका काफी वक्त निकल गया। उन्होंने माना कि बल्लेबाजी के लिए उतरते वक्त ही ज्यादा साफ सोच होती तो शायद हालात अलग होते। उन्होंने कहा, "मैं आखिर तक बल्लेबाजी करता तो आसानी से 30 से 40 रन और बना सकता था। ये अतिरिक्त रन बनते तो मैच पर हमारी पकड़ ज्यादा मजबूत होती।"

राहुल ने यह भी कहा कि "राहुल की वजह से भारत वर्ल्ड कप हारा" जैसी प्रतिक्रियाएं सुनकर उन्हें बहुत तकलीफ होती है। इस हार को तीन साल हो चुके हैं, फिर भी उसकी टीस उनके मन में बनी हुई है।

अहमदाबाद में खेले गए उस फाइनल में टीम इंडिया पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवर में सभी विकेट खोकर सिर्फ 240 रन बना सकी। कप्तान रोहित शर्मा ने 31 गेंदों में 4 चौकों और 3 छक्कों की मदद से 47 रन बनाए। शुभमन गिल और श्रेयस अय्यर 4-4 रन बनाकर लौट गए। विराट कोहली ने 63 गेंदों में 4 चौकों के साथ 54 रन बनाए।

राहुल खुद 107 गेंदों में सिर्फ 1 चौके की मदद से 66 रन बनाकर भारत के सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे। सूर्यकुमार यादव ने 18, रवींद्र जडेजा ने 9, मोहम्मद शमी ने 6, कुलदीप यादव ने 10 और मोहम्मद सिराज ने 9 रन बनाए। जसप्रीत बुमराह ने 1 रन बनाया।

उनकी धीमी बल्लेबाजी पर काफी आलोचना हुई थी। 107 गेंदें खेलकर भी उन्होंने सिर्फ एक चौका मारा था। फैंस का कहना था कि अहम मैच में आक्रामक खेलने की जगह उन्होंने बचाव का रास्ता लिया। कई फैंस का मानना था कि वे कुछ और चौके मारते और रन रफ्तार बढ़ाते तो भारत का स्कोर ज्यादा होता। उन पर यह आरोप भी लगा कि उनकी धीमी पारी से भारत की हार में हाथ रहा।

ऑस्ट्रेलिया ने भारत का दिया 241 रन का लक्ष्य 43 ओवर में पूरा कर लिया और 6 विकेट से जीत दर्ज कर वर्ल्ड कप अपने नाम किया। ट्रैविस हेड के शानदार शतक और मार्नस लाबुशेन की अर्धशतकीय पारी ने ऑस्ट्रेलिया की जीत में अहम भूमिका निभाई। पूरे टूर्नामेंट में एक भी मैच न हारकर फाइनल में पहुंची भारतीय टीम के हाथ से खिताब निकल गया। लीग मुकाबले में भारत ने ऑस्ट्रेलिया को 6 विकेट से हराया था।

#नागपुर#खेल#PT24#Sports#Nagpur

गूगल पर primetime24.com को अपना पसंदीदा स्रोत चुनिए आपके पसंदीदा स्रोतों की खबरें गूगल की टॉप स्टोरीज़ में ज़्यादा दिखती हैं।

विज्ञापन