दिवाली की रात देवनगर में खूनी खेल!
पटाखों के विवाद में 27 वर्षीय अमन उर्फ बॉबी की चाकू मारकर हत्या; मुख्य आरोपी पर 22 केस दर्ज
नागपुर : दिवाली की रात नागपुर के देवनगर इलाके में मामूली विवाद ने खूनी रूप ले लिया। कार के सामने पटाखे फोड़ने का विरोध करना 27 वर्षीय अमन उर्फ बॉबी को भारी पड़ गया। विवाद के बाद कुछ युवकों ने उस पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल अमन की मेडिकल अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। इस सनसनीखेज हत्याकांड में मुख्य आरोपी के खिलाफ करीब 22 आपराधिक मामले दर्ज होने की जानकारी सामने आई है।
मिली जानकारी के अनुसार, हुड़केश्वर निवासी अमन उर्फ बॉबी बीती रात करीब 12:30 बजे अपने दोस्त अक्षय नौकरकर के साथ कार से देवनगर में अपने मित्र प्रसाद राऊत का जन्मदिन मनाने पहुंचा था। इसी दौरान देवनगर चौक स्थित एक जूस सेंटर के सामने कुछ युवक सड़क पर पटाखे फोड़ रहे थे। कार के रास्ते में पटाखे फोड़े जाने पर अमन ने युवकों को हटने के लिए कहा। इसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया।
आरोप है कि विवाद बढ़ने पर मुख्य आरोपी अक्षय मडावी और उसके 2 से 3 साथियों ने अमन पर चाकू से हमला कर दिया। हमलावरों ने उसके पेट पर कई वार किए। गंभीर हालत में उसे तत्काल मेडिकल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मुख्य आरोपी पर 22 आपराधिक मामले
हत्याकांड में मुख्य आरोपी अक्षय मडावी को लेकर चौंकाने वाली जानकारी सामने आई है। बताया जा रहा है कि वह अंबाझरी क्षेत्र का रिकॉर्डधारी अपराधी है और उसके खिलाफ करीब 22 आपराधिक मामले दर्ज हैं। वारदात में सुजल, समीर और एक अन्य युवक के शामिल होने की भी जानकारी सामने आई है। पुलिस सभी आरोपियों की तलाश कर रही है।
बजाज नगर थानेदार का पुलिस मुख्यालय में तबादला
घटना के बाद पुलिस महकमे में भी हलचल मच गई। पुलिस आयुक्त विश्वास नांगरे पाटिल ने बजाज नगर के पुलिस निरीक्षक चेतन चौहान का तबादला पुलिस मुख्यालय कर दिया। इस कार्रवाई को लेकर कई सवाल उठ रहे हैं। मृतक हुड़केश्वर थाना क्षेत्र का निवासी था और आरोपियों का संबंध भी कथित तौर पर बजाज नगर थाना क्षेत्र से नहीं बताया जा रहा है। ऐसे में बजाज नगर के थानेदार पर कार्रवाई क्यों हुई, इसे लेकर चर्चा शुरू हो गई है।
हत्या से 20 मिनट पहले शोरूम में लगी थी आग
इस घटना से पहले देवनगर चौक के पास स्थित साई डायनामिक TVS शोरूम में आग लगने की घटना हुई थी। आग बुझाने के लिए पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीमें मौके पर पहुंची थीं। बताया जा रहा है कि रात करीब 12 बजे पुलिस टीम आगजनी से संबंधित कार्रवाई पूरी कर थाने पहुंची और इसके लगभग 20 मिनट बाद देवनगर चौक पर हत्या की वारदात हो गई।
फिलहाल बजाज नगर पुलिस ने अक्षय मडावी और उसके साथियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है। दिवाली की रात हुई इस वारदात ने शहर में अपराधियों के बढ़ते हौसले और नागरिकों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
गूगल पर primetime24.com को अपना पसंदीदा स्रोत चुनिए आपके पसंदीदा स्रोतों की खबरें गूगल की टॉप स्टोरीज़ में ज़्यादा दिखती हैं।
कमेंट
अभी कोई कमेंट नहीं। पहले आप लिखिए।