कंपनी का ई-मेल हैक करके 34.50 लाख का चूना
तस्वीरें सत्यापित नहीं हैं
नागपुर.
निजी कंपनी का ई-मेल हैक करके साइबर अपराधियों ने 34.50 लाख रुपए उड़ा लिए. साइबर पुलिस ने मामला दर्ज किया है. अभय पांडे बूटीबोरी की निजी कंपनी में एचआर मैनेजर है. उनकी कंपनी को कामकाज के लिए मशीन की जरूरत होती है. 21 अगस्त को कंपनी को रोल फार्मिंग मशीन खरीदना था. इसके लिए पांडे ने डिवाईनमशिन्स प्रा. लि. से ई-मेल पर संपर्क किया. उन्होंने 1.15 करोड़ रुपए कीमत की मशीन का आर्डर दिया. डिवाईस मशिन्स ने 30 प्रतिशत राशि एडवांस में भेजने को कहा. यह राशि बैंक ऑफ बड़ौदा के खाते में जमा करने को कहा. 30 सितंबर को डिवाईस मशिन्स के पुराने ई-मेल थ्रेड से दूसरा ई-मेल आया और उसमें बैंक खाता बदलने की वजह से रुपये केनरा बैंक में भेजने का उल्लेख था. इसपर भरोसा करके पांडे ने 34.50 लाख रुपए आरटीजीएस से भेज दिए. इसके बाद जब कंपनी को नए खाते में आरटीजीएस करने की जानकारी दी तो उसके अधिकारी ने केनरा बैंक में खाता होने से ही इनकार कर दिया. अधिकारी ने यह भी बताया कि उनकी कंपनी के ई-मेल को हैक करके धोखाधड़ी की गई है. उन्होंने किसी नए खाते में रुपये जमा करने के लिए नहीं बताया था. इसके बाद ठगी का पता चला. पांडे ने साइबर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई. पुलिस ने धोखाधड़ी तथा आईटी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच आरंभ की है. बैंक खाते के आधार पर पुलिस आरोपी का पता लगा रही है.