JSW 4 दिसंबर को पेश करेगी अपनी पहली पैसेंजर एसयूवी, छत्रपति संभाजीनगर में हो रहा है निर्माण
तस्वीरें सत्यापित नहीं हैं
जेएसडब्लू समूह 4 दिसंबर को भारतीय बाजार में अपनी पहली पैसेंजर एसयूवी लाएगा। इसका नाम कॉम्बैट होने की प्रबल संभावना है और यह प्लग-इन हाइब्रिड हो सकती है।
भारत के ऑटोमोबाइल बाजार में जल्द ही एक नए ब्रांड की एंट्री होने जा रही है। जेएसडब्लू (JSW) समूह 4 दिसंबर को अपनी पहली नई पैसेंजर एसयूवी भारतीय बाजार में पेश करेगा। इसके लिए समूह ने चीन की मशहूर कार कंपनी चेरी (Chery) के साथ हाथ मिलाया है।
इस गाड़ी का नाम 'कॉम्बैट' (JSW Combat) होने की प्रबल संभावना है। यह अंतरराष्ट्रीय बाजार में लोकप्रिय जेटूर टी2 (Jetour T2) पर आधारित रिबैज्ड एडिशन होगी। इसका निर्माण छत्रपति संभाजीनगर के प्लांट में हो रहा है।
डिजाइन की बात करें तो जेएसडब्लू कॉम्बैट का लुक बॉक्सी और रफ-टफ है। कुछ हद तक यह मशहूर लैंड रोवर डिफेंडर की याद दिलाती है। आगे की तरफ बड़ी ग्रिल, स्मोक्ड हेडलैंप और मस्कुलर बंपर दिया गया है। पीछे की ओर एलईडी टेललैंप हैं, सीधा दरवाजा है और उस पर स्पेयर व्हील लगा होगा।
अंतरराष्ट्रीय स्तर पर इस कार की लंबाई 4785 मिमी, चौड़ाई 2005 मिमी और ऊंचाई 1875 मिमी है। इसका व्हीलबेस 2800 मिमी और ग्राउंड क्लीयरेंस 220 मिमी है।
केबिन में हाई-टेक फीचर्स की भरमार मिलने की बात कही जा रही है। इसमें 10.25 इंच का डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर और 15.6 इंच की बड़ी टचस्क्रीन इन्फोटेनमेंट सिस्टम दिया जाएगा, जो एप्पल कारप्ले और एंड्रॉयड ऑटो को सपोर्ट करेगा।
इसके अलावा वायरलेस फोन चार्जर, पैनोरमिक सनरूफ और अलग-अलग टेरेन व ड्राइव मोड मिलने की संभावना है। सेफ्टी के लिहाज से 6 एयरबैग, एबीएस और लेवल-2 एडीएएस (ADAS) जैसे एडवांस सेफ्टी फीचर्स जोड़े जा सकते हैं।
भारतीय बाजार में जेएसडब्लू का खास जोर न्यू एनर्जी व्हीकल पर रहेगा। इसलिए यह एसयूवी प्लग-इन हाइब्रिड (PHEV) पावरट्रेन के साथ उतारी जा सकती है। इसमें 1.5 लीटर टर्बो पेट्रोल इंजन के साथ इलेक्ट्रिक मोटर और 18.4 kWh से 26.7 kWh तक के बैटरी पैक मिल सकते हैं।
यह कार सिर्फ इलेक्ट्रिक पावर पर 90 से 100 किमी तक चल सकती है। इसका इंजन और हाइब्रिड सिस्टम मिलकर करीब 380 bhp की पावर और 610 Nm का टॉर्क पैदा कर सकते हैं। एक फुल टैंक पर इस एसयूवी की कुल रेंज 1100 किलोमीटर तक हो सकती है।
कीमत की बात करें तो भारतीय बाजार में इस एसयूवी की अंदाजन कीमत 25 लाख रुपये से 35 लाख रुपये के बीच हो सकती है।
गूगल पर primetime24.com को अपना पसंदीदा स्रोत चुनिए आपके पसंदीदा स्रोतों की खबरें गूगल की टॉप स्टोरीज़ में ज़्यादा दिखती हैं।
कमेंट
अभी कोई कमेंट नहीं। पहले आप लिखिए।