होंडा QC3, टीवीएस आईक्यूब, बजाज चेतक, विडा VX2 और एथर कोनार्क में मुकाबला, कौन सी स्कूटर किसके लिए सही
फैमिली यूज, ऑफिस आने-जाने और लंबी राइड, तीनों जरूरतों के हिसाब से पांच इलेक्ट्रिक स्कूटरों की रेंज, बूट स्पेस और चार्जिंग टाइम की तुलना।
इलेक्ट्रिक स्कूटर अब सिर्फ शहर के अंदर की छोटी-मोटी राइड तक सीमित नहीं रह गई। रोज ऑफिस जाना हो, घर के काम निपटाने हों, फैमिली के साथ घूमना हो या फिर थोड़ी लंबी दूरी तय करनी हो, कस्टमर अब हर तरह की जरूरत के लिए EV की तरफ देख रहे हैं। इसी बीच होंडा QC3 की एंट्री अहम मानी जा रही है। दिल्ली एक्स-शोरूम में इसकी कीमत करीब Rs 1.35 लाख रखी गई है, और इसमें 3kWh की फिक्स्ड बैटरी, 145km की IDC रेंज और 32-लिटर का बूट स्पेस मिलता है। इसका मुकाबला टीवीएस आईक्यूब 3.1kWh, बजाज चेतक C3502, विडा VX2 Plus 3.4kWh और एथर कोनार्क S 161 से है।
होंडा QC3 में 145km की क्लेम्ड रेंज और 32-लिटर स्टोरेज है, इसलिए ऑफिस आने-जाने के साथ-साथ घर के रोजमर्रा के कामों के लिए भी यह काम आ सकती है। इसमें स्मार्ट की, 5-इंच का TFT डिस्प्ले, रोडसिंक कनेक्टिविटी और टर्न-बाय-टर्न नेविगेशन दिया गया है। कंपनी का दावा है कि 0 से 80% चार्ज होने में 2 घंटे 40 मिनट लगते हैं। फैमिली के साथ इस्तेमाल में इसका ज्यादा स्टोरेज फायदा दे सकता है, हालांकि टॉप स्पीड और मोटर आउटपुट की पूरी जानकारी अभी सामने नहीं आई है।
टीवीएस आईक्यूब में 3.1kWh की बैटरी, 123km की क्लेम्ड रेंज, 82kmph की टॉप स्पीड और 32-लिटर बूट स्पेस मिलता है। जो लोग रोज ऑफिस के लिए 30 से 50km तक आना-जाना करते हैं, उनके लिए घर पर चार्जिंग की सुविधा के साथ यह रेंज काम आ सकती है। इसके अलावा टीवीएस का बड़ा सर्विस नेटवर्क भी एक अहम पहलू है।
बजाज चेतक C3502 में 3.5kWh की बैटरी, 153km की IDC रेंज, 80kmph की टॉप स्पीड और 35-लिटर का बूट स्पेस दिया गया है। इसकी मेटल बॉडी इसे प्रीमियम फील देती है। इसका बड़ा बूट और अच्छी रेंज फैमिली के रोजाना इस्तेमाल, ऑफिस आने-जाने और तुलनात्मक रूप से लंबी राइड, तीनों के लिए फायदेमंद हो सकती है। इसमें 0 से 80% चार्ज होने में 3 घंटे 25 मिनट का समय लगता है।
विडा VX2 Plus में 3.4kWh की बैटरी, 146km की रेंज और 80kmph की टॉप स्पीड मिलती है। इसकी बैटरी रिमूवेबल है, इसलिए जिन घरों में पार्किंग में चार्जिंग की सुविधा नहीं है, उनके लिए यह ऑप्शन काम का हो सकता है। दूसरी तरफ एथर कोनार्क S 161 में 3.5kWh की बैटरी है और इसकी क्लेम्ड रेंज सबसे ज्यादा 161km है। इस वजह से जिन लोगों का ऑफिस दूर है या जिनकी रोज की रनिंग ज्यादा है, उन्हें यह स्कूटर आकर्षक लग सकती है। हालांकि इसकी टॉप स्पीड सिर्फ 70kmph है और स्टैंडर्ड चार्जर से 0 से 80% चार्ज होने में करीब 5 घंटे 40 मिनट लगते हैं।
यानी फैमिली के लिए इस्तेमाल करना हो तो बूट स्पेस और आराम देखना जरूरी है, ऑफिस के लिए रेंज और चार्जिंग टाइम मायने रखता है, जबकि लंबे सफर के लिए असल रेंज और रास्ते में चार्जिंग की उपलब्धता अहम होती है। इसलिए सिर्फ क्लेम्ड रेंज देखकर फैसला लेने के बजाय पिलियन कंफर्ट, असल रेंज, बैटरी वारंटी, सर्विस नेटवर्क और ऑन-रोड कीमत, सब कुछ चेक करके ही स्कूटर खरीदने का फैसला करना ठीक रहेगा।