गड़चिरोली में आजादी के बाद पहली बार पटरी पर दौड़ी ट्रेन, वडसा-आरमोरी ट्रायल पास
दक्षिण-पूर्व-मध्य रेलवे नागपुर मंडल के वडसा-गड़चिरोली नए ब्रॉडगेज रूट पर वडसा-आरमोरी सेक्शन का स्पीड ट्रायल सफल रहा।
गड़चिरोली जिले के लिए यह सोमवार बड़ा दिन साबित हुआ। 21 सितंबर को वडसा से आरमोरी सेक्शन पर स्पीड ट्रायल हुआ और यह पूरी तरह सफल रहा। दक्षिण-पूर्व-मध्य रेलवे नागपुर मंडल के अंतर्गत बन रहे 49.50 किमी लंबे वडसा-गड़चिरोली नए ब्रॉडगेज रेल मार्ग का काम अब आखिरी चरण में है, और आरमोरी तक पटरी बिछाने का काम पूरा हो चुका है।
ट्रायल के वक्त सीआरएस सुमित सिंघल और मंडल रेल प्रबंधक दीपक कुमार गुप्ता मौके पर मौजूद रहे। इनके अलावा मुख्य प्रशासनिक अधिकारी मुदित भटनागर और रेलवे के कई सीनियर अफसर भी वहां थे। इस ट्रायल के साथ ही आजादी के बाद पहली बार गड़चिरोली जिले में ट्रेन पहुंचना मुमकिन हो पाया है। जंगल और गांव-देहात से घिरे इस इलाके में पहली बार ट्रेन का ट्रायल होते देख आरमोरी समेत पूरे गड़चिरोली जिले के लोगों में खुशी की लहर दौड़ गई।
यह पूरा प्रोजेक्ट करीब 1,886 करोड़ रुपये का है, जिसमें केंद्र और राज्य सरकार की 50-50 फीसदी हिस्सेदारी है। इस रूट पर वडसा, कुरुड, आरमोरी, पालोरा, ठाणेगांव, वासाला, इंजेवारी, देऊलगांव, आकापुर, किटाली और चुरमुरा स्टेशन बनाए जा रहे हैं।
यह लाइन कान्हा-नवेगांव-नागझिरा-इंद्रावती टाइगर कॉरिडोर और जंगल वाले इलाके से होकर गुजरती है, इसी वजह से पर्यावरण मंजूरी और जमीन अधिग्रहण को लेकर इस प्रोजेक्ट में कई अड़चनें आती रहीं। अब ट्रायल के बाद सीआरएस ने जो सुधार सुझाए हैं, उन्हें पूरा करने के बाद ही यहां ट्रेनों का नियमित परिचालन शुरू हो सकेगा।
यह रेल लाइन बनने से गड़चिरोली से नागपुर और दूसरे बड़े शहरों तक आना-जाना आसान हो जाएगा। साथ ही इलाके के मिनरल, स्टील और व्यापार को भी रफ्तार मिलेगी, वहीं शिक्षा, हेल्थ सर्विस और इंडस्ट्री के लिए भी नए मौके खुलेंगे।
रेलवे पहले ही वडसा को गोंदिया से जोड़ चुका है। ऐसे में जैसे ही वडसा-गड़चिरोली रूट पर ट्रेन चलने की हरी झंडी मिलेगी, गड़चिरोली भी गोंदिया जिले के रास्ते सीधे देश के पूरे रेलवे नेटवर्क से कनेक्ट हो जाएगा। अभी तक गड़चिरोली जिला महाराष्ट्र के उन गिने-चुने जिलों में शामिल है जहां रेल नेटवर्क सीधे नहीं पहुंचा था, यह प्रोजेक्ट पूरा होते ही जिले को पहली बार ब्रॉडगेज रेल सुविधा मिल जाएगी।