एयर फ्रायर साफ करते वक्त ये गलतियां महंगी पड़ सकती हैं, हीटिंग सिस्टम हो सकता है खराब
एयर फ्रायर की सफाई करते वक्त जरा सी लापरवाही से मशीन के हीटिंग सिस्टम और नॉन-स्टिक कोटिंग को नुकसान पहुंच सकता है।
एयर फ्रायर आने से खाना बनाना काफी आसान हो गया है, यही वजह है कि आजकल ज्यादातर घरों में इसे तरजीह दी जाती है। लेकिन जितना फायदा ये मशीन देती है, उतना ही जरूरी है इसकी सही तरीके से सफाई करना। सफाई में जरा सी चूक हुई तो मशीन की परफॉर्मंस पर सीधा असर पड़ सकता है।
दरअसल खाना बनाते वक्त इस मशीन में तेल, चिकनाई और खाने के छोटे-छोटे टुकड़े जमा होते रहते हैं। अगर इन्हें ठीक से साफ न किया जाए तो मशीन के हीटिंग सिस्टम, वेंट्स और नॉन-स्टिक कोटिंग को नुकसान पहुंच सकता है। तो चलिए जानते हैं कि एयर फ्रायर साफ करते वक्त किन बातों का खयाल रखना जरूरी है।
सबसे पहली और सबसे जरूरी बात, एयर फ्रायर की मेन बॉडी को कभी पानी में नहीं डुबोना चाहिए, क्योंकि इसके अंदर इलेक्ट्रॉनिक पार्ट्स लगे होते हैं। इसकी बॉडी को हल्के गीले कपड़े या कॉटन से साफ करें और कंट्रोल पैनल पर पानी बिल्कुल न जाने दें। सबसे अहम बात, सफाई शुरू करने से पहले मशीन का प्लग निकालना न भूलें।
अगर एयर फ्रायर को बिना साफ किए बार-बार इस्तेमाल किया जाए तो उसमें चिकनाई और खाने के कण जमा होते रहते हैं। इससे खाना बनाते वक्त बदबू आ सकती है और पहले से जमा तेल की वजह से खाने का स्वाद भी बिगड़ सकता है। इसलिए हर बार इस्तेमाल के बाद बास्केट और ट्रे को अच्छी तरह साफ कर लेना चाहिए।
बास्केट या ट्रे साफ करते वक्त स्टील वूल, मेटल स्क्रबर या ज्यादा खुरदुरे स्पंज का इस्तेमाल बिलकुल न करें, क्योंकि इससे नॉन-स्टिक कोटिंग खराब हो सकती है। इसकी जगह सॉफ्ट स्पंज, हल्का डिश सोप और गुनगुने पानी से सफाई करना ठीक रहता है। अगर कहीं ज्यादा चिकनाई जमी हो तो उस हिस्से को कुछ देर भिगोकर रखें, फिर साफ करें।
हीटिंग एलिमेंट पर भी खाने के कण और चिकनाई जम सकती है। इसके लिए जरूरी है कि मशीन पूरी तरह ठंडी हो जाए और प्लग निकाला गया हो, उसके बाद सॉफ्ट ब्रश या टूथब्रश से हीटिंग एलिमेंट को साफ किया जा सकता है। अगर इस बात का खयाल नहीं रखा गया तो एयर फ्रायर की क्षमता पर असर पड़ सकता है।
ब्लीच, ओवन क्लीनर या किसी और तेज केमिकल का इस्तेमाल भी नॉन-स्टिक कोटिंग को नुकसान पहुंचा सकता है। इसकी जगह हल्के डिश सोप और गुनगुने पानी से ही सफाई करनी चाहिए।