एशियाई खेल: फाइनल में हार, पर अनाहत सिंह ने स्क्वॉश में रचा इतिहास, जीता सिल्वर
जापान के आइची-नागोया में चल रहे एशियाई खेलों में अनाहत सिंह गोल्ड मेडल मैच हार गईं, लेकिन स्क्वॉश की महिला एकल स्पर्धा में सिल्वर जीतने वाली पहली भारतीय बन गईं।
जापान के आइची-नागोया में चल रहे एशियाई खेल 2026 में स्क्वॉश की महिला एकल स्पर्धा के फाइनल में भारत की स्टार खिलाड़ी अनाहत सिंह का मुकाबला मलेशिया की शिवसंगारी सुब्रमण्यम से हुआ। गोल्ड मेडल के इस मैच में अनाहत को शिवसंगारी के हाथों 4-11, 4-11, 7-11 से हार का सामना करना पड़ा।
18 साल की अनाहत का गोल्ड मेडल इस हार की वजह से हाथ से निकल गया। लेकिन इसके बावजूद अनाहत सिंह एशियाई खेलों के इतिहास में स्क्वॉश के एकल वर्ग में सिल्वर मेडल जीतने वाली पहली भारतीय महिला खिलाड़ी बन गईं।
फाइनल मुकाबले में मलेशिया की शिवसंगारी ने पहले सेट में 6-3 की बढ़त बना ली थी और इसी के साथ अनाहत पर दबाव बना दिया। शुरुआत से ही आक्रामक खेल दिखाते हुए शिवसंगारी ने रैलियों पर पूरा कंट्रोल रखा और पहला सेट 11-4 से अपने नाम कर लिया।
दूसरे सेट में भी अनाहत 6-2 से पीछे चल रही थीं। शिवसंगारी ने फिर शानदार खेल दिखाते हुए यह सेट भी 11-4 से जीत लिया। तीसरे सेट में भी अनाहत बड़ी बढ़त नहीं बना पाईं और शुरुआत में ही 4-0 से पीछे हो गईं। इस मैच में शिवसंगारी ने चैंपियन जैसा खेल दिखाते हुए तीसरा सेट भी 11-7 से जीतकर गोल्ड मेडल अपने नाम कर लिया। वहीं अनाहत को सिल्वर मेडल से संतोष करना पड़ा।
बता दें कि अनाहत एशियाई खेलों की महिला एकल स्क्वॉश स्पर्धा के फाइनल में पहुंचने वाली पहली भारतीय खिलाड़ी थीं। इस गोल्ड मेडल मैच में हार की वजह से अनाहत सिंह ने 2028 के लॉस एंजेलिस ओलंपिक खेलों में सीधा स्थान पाने का मौका भी गंवा दिया है।
स्क्वॉश में आज गोल्ड मेडल के लिए दो मैच खेले गए और भारत को दोनों में सिल्वर मेडल मिला, यानी दोनों ही खिलाड़ियों का गोल्ड मेडल जीतने का सपना अधूरा रह गया। अनाहत के अलावा पुरुष एकल स्क्वॉश स्पर्धा में भारत के अभय सिंह को गोल्ड मेडल मैच में मलेशिया के यून यू एनजी के हाथों तीनों सेट में 11-9, 11-5, 11-5 से हार मिली।
अभय को भी सिल्वर मेडल पर संतोष करना पड़ा, लेकिन इसके साथ ही वे इस स्पर्धा में सिल्वर मेडल जीतने वाले दूसरे भारतीय पुरुष खिलाड़ी बन गए हैं। उनसे पहले सौरव घोषाल 2014 और 2023 में एकल वर्ग में सिल्वर मेडल जीत चुके हैं। लेकिन फाइनल मुकाबले में इस हार की वजह से अभय भी 2028 के लॉस एंजेलिस ओलंपिक के लिए सीधे क्वालिफाई नहीं कर सके।
खबर छप चुकी है, लेकिन लाइव थ्रेड अभी शुरू नहीं हुआ। डेस्क कोई अपडेट डालते ही वह यहाँ दिखेगा।