यूथ टेस्ट: दूसरे दिन ऑस्ट्रेलिया अंडर-19 के 4 विकेट गिरे, भारत की पकड़ मजबूत
नरेंद्र मोदी स्टेडियम में दूसरे दिन का खेल खत्म होने पर ऑस्ट्रेलिया अंडर-19 ने दूसरी पारी में 26 ओवर में 4 विकेट पर 86 रन बनाए और 55 रन की बढ़त ली।
नरेंद्र मोदी स्टेडियम में ऑस्ट्रेलिया अंडर-19 के खिलाफ अनौपचारिक टेस्ट सीरीज का दूसरा मैच चल रहा है। इसमें इंडिया अंडर-19 ने अपनी पकड़ मजबूत कर ली है। मेजबान टीम ने पहली पारी में 315 रन बनाए थे। दूसरी पारी में ऑस्ट्रेलिया के 86 रन पर 4 विकेट ले लिए।
दूसरे दिन का खेल खत्म होने तक ऑस्ट्रेलिया अंडर-19 ने 26 ओवर खेलकर 4 विकेट पर 86 रन बनाए। इसके साथ उसने 55 रन की बढ़त अपने नाम कर ली है। मैच चार दिन का है।
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी ऑस्ट्रेलियाई टीम पहली पारी में सिर्फ 174 रन पर सिमट गई। उसने 65 रन पर अपने 6 विकेट गंवा दिए थे। इसके बाद जैकब पीट्ज ने चार्ली हेंडरसन के साथ सातवें विकेट के लिए 70 रन जोड़े और टीम का स्कोर सौ के पार पहुंचाया।
उस पारी में चार्ली हेंडरसन ने सबसे ज्यादा 37 रन बनाए। नील पटेल ने 31 रन की पारी खेली। जैकब पीट्ज ने 26 और पैट्रिक सुलिवन ने 20 रन का योगदान दिया। भारत की तरफ से तन्मय बलोदा ने 32 रन देकर 6 विकेट लिए, जबकि अयान अकरम को 2 विकेट मिले।
जवाब में भारतीय टीम ने पहली पारी में 315 रन बनाए। भारत ने 28 रन पर 2 विकेट खो दिए थे। फिर कप्तान यशवर्धन चौहान (52) और कुशाग्र ओझा (29) ने तीसरे विकेट के लिए 63 रन की साझेदारी की। इसके बाद मनल चौहान (34) और आर्यन यादव ने पांचवें विकेट के लिए 67 रन जोड़े।
अभिप्राय बिस्वास ने 13 चौकों के साथ 73 रन बनाए। प्रियांशु सिंह 30 रन बनाकर नाबाद रहे और टीम को बड़े स्कोर तक ले गए। ऑस्ट्रेलिया के स्पिनर स्पेंसर ग्रीन ने 110 रन देकर 7 विकेट लिए। थॉमस वासेओ को 2 विकेट मिले।
ऑस्ट्रेलिया को दूसरी पारी की शुरुआत में ही झटका लगा। हेडन बारबुलोविक 9 रन पर आउट हो गए। फिर नील पटेल (3) और कप्तान मैथ्यू लॉफ (8) भी पवेलियन लौट गए। इसके बाद एली ब्रेन ने ब्लैक कैटल के साथ चौथे विकेट के लिए 39 रन जोड़े। ब्रेन 8 चौकों के साथ 39 रन बनाकर आउट हुए। अभी पिच पर ब्लैक कैटल (11) और जेड हॉलिक (12) टिके हुए हैं।
दूसरी पारी के चारों विकेट तन्मय ने लिए। उनके आंकड़े 26 रन देकर 4 विकेट रहे। इससे पहले तीन मैचों की वनडे सीरीज में 3-0 से क्लीन स्वीप करने के बाद भारत ने टेस्ट सीरीज का पहला मैच एक पारी और 48 रन से जीता था। भारत सीरीज में 1-0 से आगे है।