दीपिंदर गोयल के माथे पर दिखी चिप, दिमाग में ब्लड फ्लो मापने का दावा
जोमैटो के फाउंडर दीपिंदर गोयल ने टेंपल नाम की एक डिवाइस के साथ अपनी फोटो पोस्ट की, जिससे दिमाग में ब्लड फ्लो के बदलाव समझे जाने का दावा किया गया।
जोमैटो के फाउंडर दीपिंदर गोयल का एक फोटो इन दिनों चर्चा में है। इस फोटो में उन्होंने अपने माथे पर एक चिप लगाई हुई दिखाई दे रही है। यह चिप टेंपल नाम की एक डिवाइस है, जिसका इस्तेमाल दिमाग में होने वाले ब्लड फ्लो के बदलाव को समझने के लिए किया जाता है। दीपिंदर गोयल ने अपने एक्स अकाउंट पर पोस्ट करके इसकी जानकारी दी।
गोयल के मुताबिक इस डिवाइस पर अभी रिसर्च चल रही है। उनका कहना है कि आगे चलकर इस चिप का इस्तेमाल ब्रेन ट्यूमर, स्ट्रोक जैसी बीमारियों का जल्द से जल्द पता लगाने के लिए किया जा सकता है।
अपनी पोस्ट में दीपिंदर गोयल ने बताया कि टेंपल चिप की यह उनकी दूसरी वैलिडेशन स्टडी है। इस दूसरी पड़ताल में उन्होंने टेंपल चिप के ब्रेनफ्लो डेटा की तुलना टाइम-डोमेन एनआईआरएस तकनीक से की, जो उन चंद तकनीकों में शामिल है जो दिमाग के ब्लड वॉल्यूम में होने वाले बदलाव और स्कैल्प यानी खोपड़ी की त्वचा के ब्लड वॉल्यूम में होने वाले बदलाव को अलग-अलग पहचान सकती हैं। यह जानकारी खुद दीपिंदर गोयल ने अपनी पोस्ट में दी। इस टेस्ट में करीब 60 लोगों पर प्रयोग किया गया, जिसमें सिर नीचे झुकाना, खड़े होकर बैठना और खड़े होकर पीठ के बल लेटना जैसी एक्टिविटी करवाई गईं।
इस टेस्ट में ब्रेनफ्लो का को-रिलेशन 84 से 91 के बीच दर्ज किया गया। सबसे ज्यादा असर सिर नीचे झुकाने वाले टेस्ट में देखने को मिला, जहां टेंपल का दिमाग के साथ को-रिलेशन 91 तक रहा, जबकि स्कैल्प यानी खोपड़ी की त्वचा के साथ को-रिलेशन सिर्फ 49 रहा।
पोस्ट में यह भी कहा गया कि दिमाग में होने वाला मुख्य ब्लड फ्लो यानी सेरेब्रल ब्लड फ्लो, लंबी उम्र के लिए कोशिश करने वाले लोग जो चीजें पहले से करते हैं, उन लगभग सभी चीजों पर असर दिखाता है। जैसे एरोबिक एक्सरसाइज से यह बढ़ता है और VO2max से इसका सीधा संबंध है। ठंड में रहने से भी यह बढ़ता है, ध्यान करने से भी बढ़ता है। अच्छी नींद लेने से भी यह बेहतर होता है, वहीं ज्यादा देर बैठे रहने से यह कम हो जाता है। शरीर में पानी की कमी होने पर भी यह घट जाता है। दावा है कि यह उन बायोमार्करों में से एक है जो बताते हैं कि आपका शरीर असल में कितनी अच्छी तरह काम कर रहा है और वह किस रफ्तार से बूढ़ा हो रहा है।
यह टेंपल चिप कलाई पर नहीं, बल्कि माथे के एक साइड पर लगाई जाती है और दिखने में यह किसी स्मार्टवॉच जैसी है। इसका दावा है कि यह सिर्फ हार्ट रेट या कदम नहीं गिनती, बल्कि दिमाग में ब्लड फ्लो और शरीर की मेटाबॉलिक डिमांड को भी रियल-टाइम में ट्रैक करती है। मार्केट में इसकी अनुमानित कीमत 72,000 से 80,000 रुपये के आसपास बताई जा रही है।