डेटिंग ऐप पर प्यार, कनाडा से आई महिला की उम्र 61 साल जानकर युवक ने शादी से किया इनकार
तस्वीरें सत्यापित नहीं हैं
राजस्थान के नीमराना में कनाडा से शादी के लिए आई महिला ने दूतावास को खबर दी। इसके बाद पुलिस ने शादी से इनकार करने वाले युवक नितिन को हिरासत में ले लिया।
ऑनलाइन डेटिंग ऐप पर शुरू हुई दोस्ती प्यार में बदली तो कनाडा की एक महिला शादी करने के लिए हजारों किलोमीटर का सफर तय करके भारत आ गई। लेकिन यहां पहुंचते ही कहानी पलट गई। जिस युवक से उसे प्यार हुआ था, उसी ने शादी से साफ इनकार कर दिया। इसके बाद महिला ने कनाडा दूतावास को पूरे मामले की जानकारी दी और पुलिस ने युवक को हिरासत में ले लिया।
घटना राजस्थान के कोटपूतली-बहरोड जिले के नीमराना की है। नीमराना पुलिस स्टेशन के अधिकारी सुरेंद्र यादव ने बताया कि आरोपी युवक का नाम नितिन है। वह मूल रूप से हरियाणा के पानीपत का रहने वाला है और एक निजी स्कूल में शिक्षक है।
सुरेंद्र यादव के मुताबिक, करीब एक साल पहले पानीपत के नितिन की पहचान एक ऑनलाइन डेटिंग ऐप के जरिए कनाडा की इस महिला से हुई थी। धीरे-धीरे दोनों की बातचीत बढ़ी, दोस्ती प्यार में बदल गई और दोनों ने एक-दूसरे से शादी करने के लिए रजामंदी भी जता दी। इसी भरोसे और शादी की उम्मीद में कनाडा की यह महिला 11 नवंबर को टूरिस्ट वीजा पर दिल्ली एयरपोर्ट पहुंची।
दिल्ली एयरपोर्ट पर नितिन खुद उसे लेने गया और वहां से उसे नीमराना इलाके में अपनी मौसी के फ्लैट पर ले आया। महिला दो दिन तक नितिन के साथ इसी सोसायटी के फ्लैट में रही। इसी दौरान शादी की बातचीत आगे बढ़ी और पता चला कि महिला की असली उम्र करीब 61 साल है। इस पर नितिन ने उम्र में बहुत बड़े फर्क की वजह बताते हुए शादी करने से साफ मना कर दिया।
हजारों किलोमीटर दूर से शादी के सपने लेकर आई महिला के लिए यह फैसला बड़ा झटका था। इसे लेकर दोनों के बीच जोरदार कहासुनी और झगड़ा शुरू हो गया। हालात हाथ से निकलते देख महिला ने फौरन कनाडा दूतावास से संपर्क किया और पूरे मामले की जानकारी दी।
दूतावास से अलर्ट मिलते ही नीमराना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और दोनों को पुलिस स्टेशन ले आई। फिलहाल पुलिस ने नितिन को हिरासत में लिया है और पूरे मामले की गहराई से जांच चल रही है।
गूगल पर primetime24.com को अपना पसंदीदा स्रोत चुनिए आपके पसंदीदा स्रोतों की खबरें गूगल की टॉप स्टोरीज़ में ज़्यादा दिखती हैं।
कमेंट
अभी कोई कमेंट नहीं। पहले आप लिखिए।