दक्षिण दिनाजपुर में पत्नी का सिर काटने का आरोपी पति गिरफ्तार, मंदिर में बैठा मिला
तस्वीरें सत्यापित नहीं हैं
पश्चिम बंगाल के गंगारामपुर में बुधवार सुबह हुई वारदात के बाद पुलिस ने आरोपी रिंटू घोष को गिरफ्तार किया। जांच जारी है।
पश्चिम बंगाल से दिल दहला देने वाली खबर आई है। दक्षिण दिनाजपुर जिले के गंगारामपुर में एक पति पर अपनी पत्नी की धारदार हथियार से हत्या कर सिर धड़ से अलग करने का आरोप है। वारदात के बाद आरोपी कटा हुआ सिर हाथ में लेकर पास के मंदिर में जाकर बैठ गया था। इस घटना से पूरे इलाके में दहशत फैल गई है। पुलिस ने संदिग्ध आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है।
यह वारदात बुधवार सुबह की है। स्थानीय लोगों के मुताबिक, रिंटू घोष (47 साल) नाम का आरोपी मंदिर में बड़े आराम से बैठा हुआ था। एक पड़ोसी को कुछ गड़बड़ लगी तो वह उसके पास गया। वहां उसने जो देखा, उससे वह सन्न रह गया। घोष के हाथ में उसकी पत्नी सीमा सरकार (42 साल) का कटा हुआ सिर था। पड़ोसी ने फौरन बाकी गांव वालों को बुला लिया। इसके बाद घोष एक हाथ में पत्नी का सिर और दूसरे हाथ में हंसिया लिए मंदिर से बाहर आया।
खबर मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने पूरा इलाका सील कर दिया और आरोपी घोष को हिरासत में लेकर गिरफ्तार किया। अफसरों ने सीमा सरकार का सिर जब्त किया और बिना सिर वाला शव उनके घरवालों को सौंप दिया।
जिले के पुलिस अधीक्षक अभिषेक गुप्ता ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और यह बेहद दर्दनाक घटना है। पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि पति पत्नी के बीच वैवाहिक विवाद था और आरोपी ने घर के अंदर ही यह वारदात की। दंपती के दो बच्चे हैं, एक 5 साल का और दूसरा 12 साल का। वारदात के वक्त दोनों बच्चे घर में ही मौजूद थे। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने इसके लिए खेत में इस्तेमाल होने वाले धारदार हथियार का इस्तेमाल किया था।
आस पड़ोस के लोगों और रिश्तेदारों ने बताया कि रिंटू घोष पहले सरकारी बस कंडक्टर था। नौकरी छूटने के बाद वह ज्यादातर घर पर ही रहता था। रिश्तेदारों का कहना है कि वह पिछले कुछ समय से बहुत अजीब बर्ताव करने लगा था। उसने सख्त शाकाहारी खाना शुरू कर दिया था और 'तंत्रविद्या जैसा' बर्ताव करने लगा था।
पुलिस का कहना है कि वह मामले की हर पहलू से जांच कर रही है और जल्द से जल्द चार्जशीट दाखिल की जाएगी।
कमेंट
अभी कोई कमेंट नहीं। पहले आप लिखिए।