बाजारगांव के अनंतारा होटल में आग का तांडव, राजस्व विभाग के मंडल अधिकारी की जिंदा जलकर दर्दनाक मौत!
नागपुर-अमरावती हाईवे पर मची चीख-पुकार, विकराल लपटों ने पूरे होटल को किया खाक; शॉर्ट सर्किट या बड़ी लापरवाही? दमकल की चार गाड़ियों ने घंटों की जद्दोजहद के बाद पाया काबू!
नागपुर: नागपुर-अमरावती राष्ट्रीय महामार्ग क्रमांक 53 पर स्थित बाजारगांव के मशहूर अनंतारा होटल में गुरुवार रात आग ने ऐसा तांडव मचाया कि पूरे इलाके में दहशत फैल गई। देखते ही देखते आग की विकराल लपटों ने पूरे होटल को अपनी चपेट में ले लिया और आसमान में धुएं का गुबार छा गया। इस भयावह अग्निकांड में अमरावती जिले के अंजनगांव सुर्जी निवासी और राजस्व विभाग के मंडल अधिकारी मनोज बांडे की जिंदा जलकर दर्दनाक मौत हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, गुरुवार 12 नवंबर की रात करीब साढ़े सात से पौने आठ बजे के बीच होटल में अचानक आग भड़क उठी। आग इतनी तेजी से फैली कि किसी को संभलने तक का मौका नहीं मिला। हाईवे पर वाहनों के पहिए थम गए और चारों तरफ अफरा-तफरी मच गई। शुरुआती तौर पर शॉर्ट सर्किट को आग की वजह माना जा रहा है, लेकिन होटल में सुरक्षा मानकों की अनदेखी और संभावित लापरवाही को लेकर भी गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।
आग का विकराल रूप देख तुरंत कोंढाली पुलिस और दमकल विभाग को अलर्ट किया गया। हालात इतने बेकाबू थे कि आग पर काबू पाने के लिए दमकल विभाग की चार गाड़ियों के साथ-साथ सोलर एक्सप्लोसिव, बाजारगांव के पानी के टैंकर और कोंढाली नगर पंचायत के अग्निशमन दल को मैदान में उतरना पड़ा। घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आग को बुझाया जा सका, लेकिन तब तक होटल का बड़ा हिस्सा जलकर खाक हो चुका था।
इस हादसे में जान गंवाने वाले मंडल अधिकारी मनोज बांडे की मौत की खबर से राजस्व विभाग और उनके गृह क्षेत्र अंजनगांव सुर्जी में शोक की लहर दौड़ गई है। फिलहाल कोंढाली पुलिस और संबंधित विभागों की टीम घटनास्थल पर पंचनामा कर रही है। आग केवल शॉर्ट सर्किट से लगी या इसके पीछे होटल प्रबंधन की कोई बड़ी चूक है, इसका खुलासा जांच रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।
गूगल पर primetime24.com को अपना पसंदीदा स्रोत चुनिए आपके पसंदीदा स्रोतों की खबरें गूगल की टॉप स्टोरीज़ में ज़्यादा दिखती हैं।
कमेंट
अभी कोई कमेंट नहीं। पहले आप लिखिए।