बच्चों के टिफिन के लिए झटपट बनाएं चीज पराठा
चीज पराठा एक ऐसी रेसिपी है जो बच्चों के टिफिन के लिए झटपट तैयार हो जाती है और घर में मौजूद चीजों से बन जाती है।
बच्चों को चीज से बनी चीजें खास पसंद आती हैं, और अक्सर टिफिन पूरा न खाने पर वे घर आकर शिकायत करते हैं। ऐसे में अगर टिफिन में चीज पराठा दिया जाए, तो बच्चे बिना कुरकुर किए पूरा डब्बा खत्म कर देंगे।
चीज पराठा पुराने पराठे को एक नया और स्वादिष्ट रूप देता है। बाहर से हल्का क्रिस्पी और अंदर से चीज पिघलने की वजह से सॉफ्ट और टेस्टी लगने वाला यह पराठा नाश्ते के लिए, बच्चों के टिफिन के लिए या शाम की हल्की भूख मिटाने के लिए भी बढ़िया ऑप्शन है। गेहूं के आटे की रोटी बेलकर उसमें भरपूर चीज, मसाले और सब्जियां भरने से इसका स्वाद और भी बढ़ जाता है।
खास बात यह है कि इसे बनाने में ज्यादा वक्त नहीं लगता और घर में रखी चीजों से ही यह आसानी से तैयार हो जाता है। चीज के साथ थोड़ी हरी मिर्च, धनिया, प्याज या ओरेगानो डालने पर पराठे को अच्छी खुशबू और स्वाद मिलता है। चीज पिघलकर पराठे के हर बाइट में आता है, जिसकी वजह से यह छोटे-बड़े सभी को पसंद आता है। तो चलिए इसकी रेसिपी नोट कर लेते हैं।
सामग्री: 2 कप गेहूं का आटा, 1 कप कद्दूकस किया चीज, 1 छोटा प्याज बारीक कटा हुआ, 1-2 हरी मिर्च बारीक कटी हुई, 2 चमचे बारीक कटा धनिया, आधा चमचा लाल मिर्च पाउडर, आधा चमचा ओरेगानो या मिक्स हर्ब्स, चौथाई चमचा जीरा पाउडर, स्वादानुसार नमक, 1 चमचा तेल, जरूरत के हिसाब से पानी, और पराठा सेकने के लिए घी या तेल।
बनाने का तरीका इस तरह है। एक परात में आटा लेकर उसमें थोड़ा नमक और एक चमचा तेल डालें। पानी डालकर मुलायम आटा गूंथ लें और इसे ढककर 10 से 15 मिनट के लिए रख दें। एक बर्तन में कद्दूकस किया चीज, बारीक कटा प्याज, हरी मिर्च और धनिया डालें। इसमें लाल मिर्च पाउडर, जीरा पाउडर, ओरेगानो या मिक्स हर्ब्स और थोड़ा नमक डालकर सारी सामग्री अच्छी तरह मिला लें। चीज पहले से ही नमकीन होता है, इसलिए नमक कम डालें।
गूंथे आटे के बराबर आकार के गोले बना लें। एक गोला लेकर उसमें थोड़ा आटा लगाकर छोटी रोटी बेल लें। रोटी के बीच में चीज का भरा हुआ मिश्रण रखें। रोटी के किनारों को इकट्ठा करके भरावन को पूरी तरह बंद कर दें। हल्के हाथ से दबाकर फिर से गोल या चौकोर आकार में पराठा बेल लें। तवा गरम करके उस पर पराठा डालें। एक साइड पर हल्के दाग दिखने लगें तो पराठा पलट दें। दोनों तरफ घी या तेल लगाकर सुनहरा और कुरकुरा होने तक सेकें। इसी तरह सारे पराठे तैयार कर लें। गरमागरम चीज पराठे को हरी चटनी या टोमैटो सॉस के साथ सर्व करें।