रविवार, 15 नवंबर 2026

अभी सब्सक्राइब करें
प्राइम अलर्ट
सारे लाइव अपडेट

अंडर-19 एशिया कप फाइनल में भारत और पाकिस्तान भिड़ेंगे, 14 नवंबर को अल अमेरत में मुकाबला

धूप में क्रिकेट मैदान पर कर्मचारी पिच तैयार कर रहे हैं, खिलाड़ी दूर अभ्यास कर रहे हैं तस्वीरें सत्यापित नहीं हैं
खेल PT24 टीम

ओमान में हो रहे अंडर-19 एशिया कप 2026 का फाइनल 14 नवंबर को भारत और पाकिस्तान के बीच खेला जाएगा। ग्रुप दौर में पाकिस्तान ने भारत को 3 विकेट से हराया था।

ओमान में खेले जा रहे अंडर-19 एशिया कप 2026 का फाइनल 14 नवंबर को अल अमेरत स्टेडियम में खेला जाएगा। खिताबी मुकाबले में भारत और पाकिस्तान आमने-सामने हैं और इस मैच के रोमांचक होने की उम्मीद है।

लक्ष्य रायचंदानी की कप्तानी वाली भारतीय अंडर-19 टीम को ग्रुप दौर में पाकिस्तान के हाथों 3 विकेट से कड़ी हार झेलनी पड़ी थी। इसके बावजूद टीम इंडिया का फाइनल तक का सफर शानदार रहा, जिसमें उसने हर मैच एकतरफा अंदाज़ में जीता। इसी वजह से खिताबी मुकाबले में भारत का पलड़ा भारी माना जा रहा है। अंडर-19 स्तर पर दोनों टीमों का आमने-सामने का रिकॉर्ड भी भारत के पक्ष में है।

भारत और पाकिस्तान जब भी क्रिकेट के मैदान पर भिड़ते हैं, मैच का अंत अक्सर बेहद रोमांचक रहा है। अंडर-19 वनडे में दोनों टीमें 31 बार आमने-सामने आई हैं। भारत ने 17 मैच जीते हैं, पाकिस्तान ने 13 और एक मैच बराबरी पर छूटा है।

अंडर-19 एशिया कप के इतिहास में दोनों टीमें फाइनल में तीन बार टकरा चुकी हैं। इनमें एक मैच बराबरी पर रहा, एक में भारत जीता और एक में पाकिस्तान।

अंडर-19 एशिया कप में सबसे ज्यादा खिताब जीतने का रिकॉर्ड भारत के नाम है। उसने आठ बार यह ट्रॉफी उठाई है, इसलिए अब नौवीं बार चैंपियन बनने का बड़ा मौका उसके सामने है। भारत ने आखिरी बार यह टूर्नामेंट 2021 में जीता था, जब उसने फाइनल में श्रीलंका को हराया था। उसके बाद से भारतीय टीम दो बार फाइनल में पहुंची, लेकिन खिताब नहीं जीत सकी। पाकिस्तान ने दो बार, 2012 और 2025 में, अंडर-19 एशिया कप जीता है।

भारत की अंडर-19 टीम में लक्ष्य रायचंदानी (कप्तान), आर्यवीर सहवाग, व्ही.के. विनीत, यशवर्धन सिंह चौहान (उपकप्तान), कुशाग्र ओझा, अर्जुन राजपूत, मनाल चौहान, अन्वय द्रविड़ (विकेटकीपर), रजत बघेल (विकेटकीपर), आर्यन पटेल, व्ही. यशवीर, मोहन पटेल, व्ही. शविन विनोद और इशान सूद शामिल हैं।

पाकिस्तान की अंडर-19 टीम में फरहान यूसुफ (कप्तान), हुजैफा अहसान, उस्मान खान, हायम खान, हसनैन अब्बास दार, जहांगीर बिलाल, अहमद हुसैन, नकाब शफीक, हमज़ा ज़हूर, अब्दुल सुभान, अली रज़ा, मोहम्मद हुजैफा, मोहम्मद सय्यम, रिज़वानुल्लाह और अब्दुल कादिर हैं।

#नागपुर#खेल#PT24#Sports#Nagpur

गूगल पर primetime24.com को अपना पसंदीदा स्रोत चुनिए आपके पसंदीदा स्रोतों की खबरें गूगल की टॉप स्टोरीज़ में ज़्यादा दिखती हैं।

विज्ञापन