आयफोन डुओ से सस्ते फोल्डेबल फोन: गूगल, सैमसंग, मोटोरोला के विकल्प जानिए
एप्पल के 2,99,900 रुपये वाले आयफोन डुओ के मुकाबले सस्ते फोल्डेबल फोन बाजार में मौजूद हैं।
एप्पल ने हाल ही में अपना पहला फोल्डेबल आयफोन लॉन्च किया है, जिसे आयफोन डुओ नाम दिया गया है। इस डिवाइस की कीमत 2,99,900 रुपये रखी गई है, जिससे यह बाजार के सबसे महंगे स्मार्टफोन्स की लिस्ट में शामिल हो गया है। अगर आपका भी फोल्डेबल फोन खरीदने का मन है लेकिन बजट कम है, तो परेशान होने की जरूरत नहीं। बाजार में इससे सस्ते कई फोल्डेबल फोन उपलब्ध हैं।
गूगल पिक्सेल 11 प्रो फोल्ड की शुरुआती कीमत 1,86,999 रुपये है। इस फोन में टेंसर G6 प्रोसेसर और 16GB रैम दी गई है। इसमें 6.5 इंच की कवर स्क्रीन और 8 इंच का इनर डिस्प्ले मिलता है। कंपनी ने इस फोल्डेबल फोन में स्प्लिट स्क्रीन, ड्रैग एंड ड्रॉप और इंस्टेंट व्यू जैसे फीचर्स दिए हैं। साथ ही इसमें पिक्सेल सीरीज के एआई और कैमरा फीचर्स भी मिलते हैं।
आयफोन डुओ को सीधी टक्कर देने वालों में सैमसंग गैलेक्सी जेड फोल्ड 8 भी शामिल है, जिसकी शुरुआती कीमत 1,84,999 रुपये है। इस फोन में 5.5 इंच की कवर डिस्प्ले और 7.6 इंच की इनर स्क्रीन दी गई है। इसमें स्नैपड्रैगन 8 एलिट जेन 5 फॉर गैलेक्सी प्रोसेसर, 12GB रैम और 4,800mAh की बैटरी है। इसका बुक-स्टाइल फोल्डिंग डिजाइन मल्टीटास्किंग, पढ़ाई और वीडियो देखने के लिए बड़ी स्क्रीन देता है।
मोटोरोला रेजर फोल्ड की शुरुआती कीमत 1,49,999 रुपये रखी गई है। इसमें 6.6 इंच की बाहरी स्क्रीन दी गई है, साथ ही 16GB रैम और 512GB स्टोरेज मिलती है। फोन में 80W वायर्ड और 50W वायरलेस चार्जिंग सपोर्ट के साथ 6,000mAh की बैटरी दी गई है। यह स्मार्टफोन 50MP कैमरा सेटअप से लैस है। बड़ी स्क्रीन, बड़ी बैटरी और दमदार कैमरा हार्डवेयर चाहने वालों के लिए यह एक बढ़िया ऑप्शन है।
अगर बजट इससे भी कम है तो मोटोरोला रेजर अल्ट्रा (2026) पर विचार किया जा सकता है। इसकी कीमत 1,499 डॉलर यानी करीब 1,42,500 रुपये है। यह स्मार्टफोन फ्लिप डिजाइन में आता है और इसमें स्नैपड्रैगन 8 एलिट चिप, 16GB रैम और 5,000mAh की बैटरी दी गई है। इसका कॉम्पैक्ट डिजाइन इसे बाकी फोल्डेबल फोन के मुकाबले ज्यादा पोर्टेबल बनाता है।