10 लाख रुपयों के अंदर आ रही हैं ये 5 सीएनजी एएमटी कारें
टाटा और मारुति सुझुकी की पांच सीएनजी-एएमटी गाड़ियां अब 10 लाख रुपये से कम बजट में उपलब्ध हैं।
भारत में सीएनजी कार खरीदने का मतलब अब तक बार-बार गियर बदलने की झंझट झेलना होता था, क्योंकि सीएनजी गाड़ियों में सिर्फ मैन्युअल गियरबॉक्स का ही विकल्प मिलता था। लेकिन यह तस्वीर अब तेजी से बदल रही है और ऑटोमैटिक यानी एएमटी सीएनजी गाड़ियां बाजार में आ चुकी हैं। शहरों के ट्रैफिक और बढ़ते ईंधन के दाम देखते हुए 10 लाख रुपये से कम बजट में टाटा और मारुति सुझुकी की 5 सीएनजी-एएमटी कारें एक अच्छा विकल्प बन सकती हैं।
टाटा टियागो सीएनजी एएमटी को भारत की सबसे सस्ती सीएनजी-एएमटी कार माना जाता है। इसकी शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत करीब 7.13 लाख रुपये से शुरू होती है और वेरिएंट के हिसाब से 8.62 लाख रुपये तक जाती है। इसमें टाटा का 1.2-लीटर तीन-सिलेंडर पेट्रोल इंजन सीएनजी और 5-स्पीड एएमटी गियरबॉक्स के साथ दिया गया है। इसमें टाटा की खास ट्विन-सिलेंडर सीएनजी तकनीक है, जिससे पारंपरिक सिंगल-सिलेंडर डिजाइन के मुकाबले बूट स्पेस ज्यादा मिलती है। यह कार 28.06 किमी प्रति किलो तक का माइलेज देती है।
मारुति सुझुकी ने अपनी लोकप्रिय हैचबैक स्विफ्ट में भी सीएनजी के साथ एएमटी का ऑप्शन दिया है। स्विफ्ट सीएनजी एएमटी की शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत 7.92 लाख रुपये है और यह VXi, VXi (O) और ZXi वेरिएंट में उपलब्ध है। इसमें 1.2-लीटर Z-सीरीज पेट्रोल इंजन के साथ 5-स्पीड एएमटी मिलता है, और कंपनी का दावा है कि यह 35.34 किमी प्रति किलो का माइलेज देती है। इसका कॉम्पैक्ट साइज और ऑटोमैटिक गियरबॉक्स शहर के ट्रैफिक में चलाने के लिहाज से इसे बढ़िया विकल्प बनाता है।
प्रीमियम हैचबैक सेगमेंट में मारुति बलेनो भी अब एएमटी ऑप्शन के साथ आ रही है। इस ऑटोमैटिक सीएनजी मॉडल की शुरुआती कीमत 8.32 लाख रुपये है, जिसमें 5-स्पीड एएमटी और 1.2-लीटर Z-सीरीज इंजन मिलता है। बलेनो सीएनजी एएमटी का दावा किया गया माइलेज 34.47 किमी प्रति किलो है। स्विफ्ट के मुकाबले बलेनो में केबिन बड़ा है और फीचर्स भी ज्यादा मिलते हैं, इसलिए जिन ग्राहकों को एसयूवी नहीं चाहिए बल्कि स्पेशियस और माइलेज देने वाली कार चाहिए, उनके लिए यह अच्छा विकल्प है।
टाटा पंच इस सेगमेंट की लोकप्रिय सीएनजी-एएमटी एसयूवी है। पंच आई-सीएनजी एएमटी की शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत 8.77 लाख रुपये है, जबकि इसके ऊपर के वेरिएंट की कीमत 10 लाख रुपये से ज्यादा तक जाती है। इसमें 1.2-लीटर तीन-सिलेंडर इंजन और 5-स्पीड एएमटी गियरबॉक्स मिलता है। इसमें बूट फ्लोर के नीचे दो सीएनजी टैंक लगाए गए हैं, जिससे बूट स्पेस काफी बच जाती है। इसके अलावा सीएनजी-एएमटी वर्जन में पैडल शिफ्टर्स भी दिए गए हैं और गाड़ी को सीधे सीएनजी मोड पर स्टार्ट किया जा सकता है। यह कार 26.99 किमी प्रति किलो का माइलेज देती है।
मारुति सुझुकी की डिजायर भी अब सीएनजी-एएमटी अवतार में आती है और यह एक लोकप्रिय कॉम्पैक्ट सेडान है। इसकी शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत 8.53 लाख रुपये है। इसमें 1.2-लीटर Z-सीरीज इंजन, S-CNG तकनीक और 5-स्पीड एएमटी गियरबॉक्स दिया गया है। डिजायर सीएनजी एएमटी 36.47 किमी प्रति किलो का जबरदस्त माइलेज देती है, जिससे यह मारुति की तीनों नई सीएनजी-एएमटी गाड़ियों में सबसे ज्यादा माइलेज देने वाली कार बन जाती है। जो ग्राहक अच्छे माइलेज के साथ सेडान का आराम भी चाहते हैं, उनके लिए डिजायर एक बेहतरीन विकल्प है।
बता दें कि ऊपर दी गई सभी कीमतें एक्स-शोरूम हैं और माइलेज के आंकड़े कंपनियों के अपने दावे हैं।