एटीएम में पट्टी फंसाकर नकदी उड़ानेवाले गिरफ्तार
नागपुर के हुडकेश्वर थाना परिसर में एटीएम के कैश डिस्पेंसर से छेड़छाड़ करके रुपए उड़ानेवाले दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है. आरोपी एटीएम में प्लास्टिक की पट्टी लगाकर नकदी चुराते थे. उन्होंने 41 ग्राहकों से 1.52 लाख रुपए की राशि चुराई है. कैनरा बैंक के हुडकेश्वर शाखा की मैनेजर दिव्यांशा मीना को ग्राहकों ने एटीएम से रुपए नहीं निकलने की शिकायत दी. बैंक स्टाफ ने सीसीटीवी फुटेज की जांच की. उसे दो संदिग्ध युवक एटीएम की कैश डिस्पेंसर में प्लास्टिक पट्टी लगाते और बाद में उसे निकालकर रकम उड़ाते नजर आए. हुडकेश्वर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच आरंभ की. 27 सितंबर को पुलिस टीम को मानेवाड़ा रोड स्थित पडोले मेडिकल के पास कैनरा बैंक एटीएम के करीब संदिग्ध युवक दिखाई दिया. हिरासत में लेकर पूछताछ करने पर वह सतीश गोरेलाल राजपूत (32), कानपुर, उत्तर प्रदेश होने का पता चला. उससे 5 काली पट्टियां, सैलोटेप, फेविक्विक, कैंची, बैंक के एटीएम तथा बैंकों के एटीएम कार्ड और 7500 रुपए बरामद हुए. पूछताछ में सतीश ने अपने साथी धमेंद्र राजकपुर शाहू (35), जबलपुर, मध्य प्रदेश के साथ मिलकर 12 से 14 सितंबर के बीच एटीएम से कई मर्तबा रकम निकालने का कबूल किया. पुलिस ने धमेंद्र को सीताबर्डी से गिरफ्तार कर लिया.
This story has published but the live thread has not started. Updates appear here the moment the desk files one.