मंगलवार, 3 नवंबर 2026

अभी सब्सक्राइब करें
प्राइम अलर्ट
सारे लाइव अपडेट

शाह से मिले NCP के वरिष्ठ नेता, सूत्रों के मुताबिक पार्थ पवार के कामकाज पर जताई नाराजगी

शाह से मिले NCP के वरिष्ठ नेता, सूत्रों के मुताबिक पार्थ पवार के कामकाज पर जताई नाराजगी तस्वीरें सत्यापित नहीं हैं
सियासत PT24 राजनीति डेस्क

सूत्रों के मुताबिक रविवार रात दिल्ली में अमित शाह से मिले राष्ट्रवादी के वरिष्ठ नेताओं ने पार्थ पवार के काम करने के तरीके पर नाराजगी रखी। आज शाम सुनेत्रा पवार ने विधायकों की बैठक बुलाई है।

सुनेत्रा पवार के राष्ट्रवादी की कमान संभालने के बाद से नई दिल्ली में मुलाकातों का सिलसिला लगातार चल रहा है। रविवार रात केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के निवास पर पार्टी के प्रमुख नेताओं की बैठक हुई। जानकारी के मुताबिक यह मुलाकात मंत्रिमंडल में संभावित फेरबदल और वित्त खाते की मांग को लेकर थी।

खास बात यह रही कि इस बैठक में न सुनेत्रा पवार मौजूद थीं और न पार्थ पवार। सूत्रों का कहना है कि इसी वजह से पार्थ पवार को लेकर शिकायत इस बैठक का मुख्य एजेंडा थी। सूत्रों के मुताबिक शिकायतें कई बातों पर थीं: पार्टी के अहम पदों पर पार्थ पवार की की हुई नियुक्तियां, प्रमुख नेताओं को किनारे रखकर सुनेत्रा पवार और पार्थ पवार का केंद्रीय गृहमंत्री से सीधे बात करना, और प्रफुल पटेल व सुनील तटकरे की पार्टी में हैसियत को लेकर बना कन्फ्यूजन।

सुनील तटकरे, प्रफुल पटेल, दिलीप वळसे पाटील और धनंजय मुंडे जैसे वरिष्ठ नेता रविवार रात नौ बजे दिल्ली में शाह से मिले। बैठक करीब दो घंटे चली। बताया जाता है कि नेताओं ने वित्त खाते का मुद्दा शाह के सामने रखा। यह भी समझा जाता है कि उन्होंने कहा कि दोनों राष्ट्रवादी कांग्रेस का एक साथ आना उन्हें मंजूर नहीं है। इस मुलाकात की तस्वीरें सामने आईं तो उनमें पार्थ पवार और सुनेत्रा पवार नहीं थे, जिससे राजनीतिक गलियारों में चर्चा तेज हो गई।

सूत्रों के मुताबिक पार्टी की कोर कमेटी की बैठक में भी पार्थ पवार के कामकाज पर नेताओं ने नाराजगी जताई थी। मुंबई अध्यक्ष पद पर झिशान सिद्दीकी और पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता पद पर उमेश पाटील को चुनते वक्त कम से कम कोर कमेटी के सदस्यों को भरोसे में लेना चाहिए था, ऐसी अपेक्षा थी। लेकिन चयन अपने स्तर पर कर दिया गया, इसलिए नेता नाराज हुए। नेताओं की राय थी कि आगे के फैसले सबको साथ लेकर और अनुभवी नेताओं से चर्चा करके लिए जाएं।

जानकारी के मुताबिक दिल्ली में वरिष्ठ नेताओं ने यह बात भी शाह के सामने रखी कि पार्थ पवार ने इससे पहले भी इसी तरह की नियुक्तियां की हैं और कई पदों पर अपनी सोच और अपने गुट के लोगों को बैठाया है। इसी को लेकर वरिष्ठ नेताओं की पंक्ति नाराज बताई जा रही है।

शाह से मुलाकात के बाद सोमवार को राष्ट्रवादी की कोर कमेटी की बैठक हुई। यह बैठक भी पार्थ पवार के बिना हुई और इसमें भी उनके काम करने का तरीका चर्चा का विषय रहा। बताया गया है कि चर्चा के बाद आश्वासन दिया गया कि पार्थ पवार और जय पवार से वरिष्ठ नेताओं के साथ तालमेल बिठाकर काम करने को कहा जाएगा।

दूसरी तरफ, पार्टी के सांसद सुनील तटकरे ने कहा है कि पार्टी में कहीं नाराजगी नहीं है और दिल्ली की बैठक पहले से तय थी।

अब मंगलवार शाम मुंबई में उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार ने राष्ट्रवादी के सभी विधायकों की बैठक बुलाई है। बताया गया है कि यह बैठक पहले से तय थी और इसमें राज्य के सूखे के हालात पर चर्चा होनी है। फिर भी रविवार को दिल्ली और सोमवार को कोर कमेटी की बैठक के बाद सबकी नजर इस पर है कि देवगिरी बंगले की इस बैठक में सुनेत्रा पवार क्या बोलती हैं।

#मुंबई#सियासत#PT24#Politics#Mumbai

विज्ञापन

क्या हम इस विज़िट को गिन लें? PT24 गूगल एनालिटिक्स से देखता है कि कौन सी खबरें किस पर पढ़ी जाती हैं। आपके हां कहने तक यह बंद है, आप सोच रहे हैं तब तक कुछ नहीं गिना जाता, और आप 'आप' पर कभी भी अपना मन बदल सकते हैं। हम क्या लेंगे