रविवार, 15 नवंबर 2026

अभी सब्सक्राइब करें
प्राइम अलर्ट
सारे लाइव अपडेट

सिंगरौली के कोल ब्लॉक में ब्लास्टिंग से गिरी दीवार, मलबे में दबकर 17 साल के छात्र की मौत

गांव में दो लोग मलबे और बंधी गायों के पास खड़े हैं, दिन का उजाला तस्वीरें सत्यापित नहीं हैं
शहर PT24 शहर डेस्क

सिंगरौली के एमिल बंधा कोल ब्लॉक में ब्लास्टिंग के बाद मकान की दीवार गिरी और 11वीं के छात्र देवेश गुप्ता की जान चली गई। घटना पांच दिन बाद सामने आई, पुलिस को अब तक खबर नहीं थी।

सिंगरौली के एमिल बंधा कोल ब्लॉक इलाके में ब्लास्टिंग के दौरान एक मकान की दीवार गिर गई। मलबे में दबने से 17 साल के एक छात्र की मौत हो गई। यह हादसा शनिवार शाम को हुआ था, लेकिन इसकी जानकारी पांच दिन बाद बुधवार को सामने आई।

मृतक की पहचान देवेश गुप्ता के रूप में हुई है। उसके पिता का नाम सुनील गुप्ता है। देवेश उत्कृष्ट विद्यालय बैढ़न में कक्षा 11वीं में पढ़ता था।

देवेश के चाचा राम बिहारी गुप्ता के मुताबिक शनिवार शाम करीब 5 बजे देवेश घर के पीछे बने मकान में बड़े मवेशियों को बांधकर चारा दे रहा था। उसी वक्त कोल ब्लॉक कंपनी ने ब्लास्टिंग की। इससे मकान की एक दीवार गिर पड़ी और देवेश उसके मलबे में दब गया।

घरवाले उसे मलबे से निकालकर बैढ़न अस्पताल ले गए। वहां शुरुआती इलाज के बाद बेहतर इलाज के लिए उसे जबलपुर ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया।

राम बिहारी गुप्ता ने कोल ब्लॉक कंपनी पर आरोप लगाया है कि अगर समय पर मुआवजा मिल जाता और परिवार को ठीक तरह से दूसरी जगह बसा दिया जाता, तो उनका भतीजा आज जिंदा होता। परिवार ने कंपनी प्रबंधन और प्रशासन से मुआवजा देने, परिवार को व्यवस्थित तरीके से बसाने और जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई करने की मांग की है।

पुलिस को इस घटना की कोई खबर नहीं दी गई। करीब पांच दिन गुजरने के बाद भी परिजनों ने बरगवां थाने में लिखित शिकायत नहीं दी है। पुलिस को बताए बिना और पोस्टमार्टम कराए बगैर ही छात्र का अंतिम संस्कार कर दिया गया।

बरगवां थाना प्रभारी अनिल पटेल ने बताया कि पुलिस को घटना की जानकारी नहीं है। उनका कहना है कि गांव में ऐसी घटना हुई है तो परिजनों को पुलिस को सूचना देनी चाहिए।

कंपनी का पक्ष जानने के लिए प्रबंधन के प्रवक्ता राजीव किशोर से संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन उनसे बात नहीं हो सकी।

#इंदौर#शहर#PT24#Civic#Indore

गूगल पर primetime24.com को अपना पसंदीदा स्रोत चुनिए आपके पसंदीदा स्रोतों की खबरें गूगल की टॉप स्टोरीज़ में ज़्यादा दिखती हैं।

विज्ञापन