सिंगरौली के तुलसी ढोटी में एनटीपीसी की ऐश पाइपलाइन फिर फटी, सड़क पर राख और पानी
तस्वीरें सत्यापित नहीं हैं
वार्ड 38 तुलसी ढोटी में रेलवे लाइन के किनारे की पाइपलाइन फटने से सड़क खराब हो गई। पार्षद अनिल कुमार वैश्य ने मरम्मत और स्थायी समाधान की मांग की है।
सिंगरौली नगर निगम के वार्ड क्रमांक 38 तुलसी ढोटी में बुधवार को एनटीपीसी की ऐश पाइपलाइन एक बार फिर फट गई। यह पाइपलाइन रेलवे लाइन के किनारे बिछी हुई है।
पाइपलाइन से निकली राख और पानी सड़क पर फैल गया, जिससे सड़क पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई है। इस रास्ते से गुजरने वालों को आने-जाने में परेशानी हो रही है, खासकर बाइक चालकों को। इलाके में पाइपलाइन बार-बार फटने से वहां रहने वाले लोग नाराज हैं।
वार्ड पार्षद अनिल कुमार वैश्य नगर निगम की अपीलीय समिति के सदस्य भी हैं। उन्होंने बताया कि तुलसी ढोटी में रेलवे लाइन के किनारे से गुजरी एनटीपीसी की ऐश पाइपलाइन आए दिन फट जाती है। इसकी वजह से सड़क खराब हो रही है और लोगों को आने-जाने में दिक्कत उठानी पड़ रही है। उन्होंने एनटीपीसी के महाप्रबंधक से मांग की है कि पाइपलाइन की मरम्मत तुरंत कराई जाए।
पार्षद का कहना है कि पाइपलाइन फटने से सड़क को लगातार नुकसान पहुंच रहा है। उनके मुताबिक एनटीपीसी प्रबंधन को फटी पाइपलाइन ठीक कराने के साथ-साथ टूटी हुई सड़क की भी जल्द मरम्मत करानी चाहिए। साथ ही उन्होंने इस समस्या का स्थायी समाधान निकालने की मांग की, ताकि ऐसी स्थिति बार-बार न बने।
इस मामले में एनटीपीसी प्रबंधन का पक्ष जानने के लिए प्रबंधन और जनसंपर्क अधिकारी शंकर सुब्रमण्यम से संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन उनसे बात नहीं हो सकी।
गूगल पर primetime24.com को अपना पसंदीदा स्रोत चुनिए आपके पसंदीदा स्रोतों की खबरें गूगल की टॉप स्टोरीज़ में ज़्यादा दिखती हैं।
कमेंट
अभी कोई कमेंट नहीं। पहले आप लिखिए।