रविवार, 15 नवंबर 2026

अभी सब्सक्राइब करें
प्राइम अलर्ट
सारे लाइव अपडेट

सतना में किसान कांग्रेस का प्रदर्शन, सांसद गणेश सिंह के घर जा रहे कार्यकर्ताओं को पुलिस ने रोका

सड़क पर प्रदर्शनकारी पुलिस बैरिकेड के सामने अधिकारी को कागज सौंप रहे हैं तस्वीरें सत्यापित नहीं हैं
सियासत PT24 राजनीति डेस्क

रीवा से भाजपा सांसद जनार्दन मिश्रा की किसानों पर टिप्पणी के विरोध में किसान कांग्रेस ने सतना में प्रदर्शन किया और इस्तीफे व सार्वजनिक माफी की मांग की।

रीवा से भाजपा सांसद जनार्दन मिश्रा की किसानों पर की गई टिप्पणी के विरोध में गुरुवार को सतना में किसान कांग्रेस ने प्रदर्शन किया। जिलाध्यक्ष संतोष पाण्डेय की अगुवाई में कार्यकर्ता सांसद गणेश सिंह के घर का घेराव करने निकले थे।

पुलिस ने रास्ते में बैरिकेडिंग लगाकर कार्यकर्ताओं को आगे बढ़ने से रोक दिया। इसके बाद प्रदर्शनकारियों ने जनार्दन मिश्रा के खिलाफ नारेबाजी की। उन्होंने एसडीएम सिटी राहुल सिलाडिया को ज्ञापन भी सौंपा। ज्ञापन में मांग की गई कि मिश्रा इस्तीफा दें और देश के किसानों से सार्वजनिक रूप से माफी मांगें।

पूरा मामला मऊगंज जिले की रकरी ग्राम पंचायत में बनी कमल गौशाला के कार्यक्रम से जुड़ा है। जनार्दन मिश्रा वहां जिला स्तरीय गोवर्धन पूजा कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के तौर पर पहुंचे थे। वहां उन्होंने किसानों की दिनचर्या पर टिप्पणी की थी।

बताया गया है कि उन्होंने कहा था कि आज के किसान पहले की तरह मेहनती नहीं रहे। उनके मुताबिक किसान अब कंफर्ट पसंद करने लगे हैं और साल में सिर्फ तीन महीने खेती में मेहनत करते हैं। बाकी नौ महीने वे ताश, राजश्री, बोतल, चोंगी और जय भोले में समय बिताते हैं।

सांसद के भाषण का वीडियो सोमवार रात सामने आया था। उसके बाद उनके बयान का राजनीतिक और सामाजिक स्तर पर विरोध शुरू हो गया। किसान कांग्रेस ने इसे किसानों का अपमान बताया और कार्रवाई की मांग की।

प्रदर्शन को देखते हुए सांसद निवास जाने वाले रास्ते पर पुलिस बल तैनात किया गया था। मौके पर एसडीएम सिटी राहुल सिलाडिया, सीएसपी मनीष त्रिपाठी और दूसरे पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।

#इंदौर#सियासत#PT24#Politics#Indore

गूगल पर primetime24.com को अपना पसंदीदा स्रोत चुनिए आपके पसंदीदा स्रोतों की खबरें गूगल की टॉप स्टोरीज़ में ज़्यादा दिखती हैं।

विज्ञापन