पिछोर में सीएम के कार्यक्रम से पहले विधायक प्रीतम लोधी का बयान, बोले कार्यकर्ता करेंगे "डेंटिंग-पेंटिंग"
तस्वीरें सत्यापित नहीं हैं
लाड़ली बहना योजना की किस्त जारी करने के कार्यक्रम से पहले विधायक प्रीतम लोधी ने कहा कि व्यवधान डालने वालों पर पहले प्रशासन कार्रवाई करेगा। चूक हुई तो कार्यकर्ता "डेंटिंग-पेंटिंग" करेंगे।
पिछोर में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के कार्यक्रम से पहले भाजपा विधायक प्रीतम लोधी का एक बयान चर्चा में है। इससे पहले भाजपा जिलाध्यक्ष का बयान भी चर्चा में आ चुका है। प्रीतम लोधी ने चेतावनी दी है कि लाड़ली बहना योजना की राशि जारी करने के कार्यक्रम में अगर किसी ने रुकावट डाली, तो उसकी "डेंटिंग-पेंटिंग" कर दी जाएगी।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 13 नवंबर को पिछोर के छत्रसाल स्टेडियम में होने वाले कार्यक्रम में शामिल होंगे। यहां से प्रदेश की लाड़ली बहनों के खातों में योजना की किस्त जारी की जाएगी। कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के भी शामिल होने का कार्यक्रम है। इसकी तैयारियां चल रही हैं।
वायरल वीडियो में प्रीतम लोधी कह रहे हैं कि मुख्यमंत्री लाड़ली बहनों का कार्यक्रम करने आ रहे हैं और इसी जगह से पूरे मध्य प्रदेश की लाड़ली बहनों के खातों में राशि जारी होगी। उन्होंने कहा कि अगर किसी ने कार्यक्रम में रुकावट डाली, उपद्रव करने की कोशिश की या बैनर-पोस्टर फाड़े, तो सबसे पहले प्रशासन कार्रवाई करेगा और इसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
विधायक ने आगे कहा कि अगर प्रशासन से कोई चूक होती है, तो वह पिछोर के अपने "डायमंड" कार्यकर्ताओं से उम्मीद रखते हैं कि वे ऐसे लोगों को बिल्कुल नहीं बख्शेंगे और उन्हें एक तरफ ले जाकर "डेंटिंग-पेंटिंग" करेंगे। उन्होंने यह अपील भी की कि लाड़ली बहनों का पैसा पिछोर की धरती से जारी होगा, इसलिए सभी लोग कार्यक्रम का सम्मान करें और उसमें दखल न दें।
प्रीतम लोधी इससे पहले 16 अगस्त को करैरा में रानी अवंती बाई लोधी जयंती के कार्यक्रम में भी इसी तरह का बयान दे चुके हैं। उस समय उनका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। उन्होंने कहा था कि कुछ लोग बातों से नहीं, लातों से मानते हैं। कृष्ण और शिशुपाल का उदाहरण देते हुए उन्होंने 99 गालियां सुनने और 100वीं गाली पर "डेंटिंग-पेंटिंग" करने की बात कही थी।
अब पिछोर में मुख्यमंत्री के कार्यक्रम से ठीक पहले आए इस बयान से विधायक की भाषा और चेतावनी देने के उनके तरीके को लेकर एक बार फिर चर्चा शुरू हो गई है।
गूगल पर primetime24.com को अपना पसंदीदा स्रोत चुनिए आपके पसंदीदा स्रोतों की खबरें गूगल की टॉप स्टोरीज़ में ज़्यादा दिखती हैं।
कमेंट
अभी कोई कमेंट नहीं। पहले आप लिखिए।