सतना के रीवा रोड पर कारगिल ढाबे में रात को तोड़फोड़, तलवार और बैट से चार कर्मचारी घायल
तस्वीरें सत्यापित नहीं हैं
सतना के कारगिल ढाबे में बंद होने के बाद सामान न मिलने पर कुछ युवकों ने कर्मचारियों को पीटा। चार कर्मचारी घायल हुए, कोलगवां थाना पुलिस CCTV फुटेज से आरोपियों की पहचान कर रही है।
सतना के रीवा रोड पर बने कारगिल ढाबे में बुधवार और गुरुवार के बीच की रात कुछ युवकों ने कर्मचारियों पर हमला कर दिया। यह वारदात रात करीब 2:30 बजे की है। हमले में ढाबे के चार कर्मचारी घायल हो गए और ढाबे में तोड़फोड़ भी की गई। घटना का CCTV फुटेज सामने आया है।
जानकारी के मुताबिक कुछ युवक रात करीब ढाई बजे ढाबे पहुंचे थे। वे आइसक्रीम, सिगरेट, अंडाकरी और डिस्पोजल मांग रहे थे। कर्मचारियों ने उन्हें बताया कि ढाबा बंद हो चुका है और सामान अब अगले दिन मिलेगा। बताया जा रहा है कि युवक नशे में थे। सामान नहीं मिलने पर वे भड़क गए और कर्मचारियों पर तलवार, बेसबॉल बैट, लाठी-डंडों और बेल्ट से हमला कर दिया।
ढाबा संचालक रमेश सिंह उर्फ मिंटू के मुताबिक हमले में अंकुर सिंह, अमान खान और सैफ खान समेत करीब आधा दर्जन युवक शामिल बताए जा रहे हैं। जानकारी के मुताबिक सैफ खान महिंद्रा एजेंसी में कर्मचारी हैं, जबकि अमान खान रॉयल एनफील्ड बुलेट की पुरानी गाड़ियों की खरीद-बिक्री के कारोबार से जुड़े हैं। हमलावरों में एक युवक बुलेट से आया था।
रमेश सिंह ने बताया कि वे बुधवार रात करीब 2:30 बजे खाना खाने के बाद घर चले गए थे। रात 3:10 बजे कर्मचारियों ने फोन करके उन्हें हमले की जानकारी दी। उनके मौके पर पहुंचने से पहले आरोपी फरार हो चुके थे।
हमले में सुनील अहिरवार, सूरज सिंह गौड़, अंकित अहिरवार और निखिल अहिरवार घायल हुए। पुलिस ने उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका प्राथमिक उपचार किया गया। कोलगवां थाना पुलिस CCTV फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान और उनकी भूमिका की जांच कर रही है।
गूगल पर primetime24.com को अपना पसंदीदा स्रोत चुनिए आपके पसंदीदा स्रोतों की खबरें गूगल की टॉप स्टोरीज़ में ज़्यादा दिखती हैं।
कमेंट
अभी कोई कमेंट नहीं। पहले आप लिखिए।