पेटलावद में पुलिसकर्मी पर बेल्ट चलाने के आरोप में चार युवक गिरफ्तार, सड़क पर निकला जुलूस
तस्वीरें सत्यापित नहीं हैं
गाय गोहरी के दौरान हुड़दंग और पुलिसकर्मियों से बदसलूकी के आरोप में पेटलावद पुलिस ने चार युवकों को गिरफ्तार किया। वायरल वीडियो के आधार पर उनकी पहचान हुई।
पेटलावद में गाय गोहरी के दौरान हुड़दंग मचाने और पुलिसकर्मियों से बदसलूकी करने के आरोप में पुलिस ने चार युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इन युवकों का थाना परिसर से श्रद्धांजलि चौक तक जुलूस निकाला। रास्ते में युवक कान पकड़कर माफी मांगते दिखे। श्रद्धांजलि चौक पर उनसे उठक-बैठक भी करवाई गई।
गाय गोहरी के मौके पर मुक्ति धाम के पास भीड़ को संभालते समय पुलिस को परेशानी आई थी। इसी दौरान थांदला रोड पर एक होटल के बाहर आपसी विवाद में तोड़फोड़ की घटना भी सामने आई थी।
सोशल मीडिया पर वायरल हुए दो वीडियो में दिखता है कि पुलिस मुक्ति धाम के बाहर युवाओं की भीड़ को हटाकर लौट रही थी। तभी पीछे से गैंग के एक युवक ने एक पुलिसकर्मी पर बेल्ट से वार कर दिया। पुलिस ने उसे पकड़कर गाड़ी में बैठाने की कोशिश की, लेकिन वह पंपवती नदी की ओर भाग निकला। भागते समय वह गिरा, फिर उठकर पुलिस की तरफ इशारे करता दिखा।
यह वीडियो एक सोशल मीडिया हैंडल पर शेयर किया गया था और इसे लाखों व्यूज मिले। वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर कानून-व्यवस्था को लेकर बहस छिड़ गई।
टीआई निर्भयसिंह भूरिया ने बताया कि वीडियो और दूसरे साक्ष्यों के आधार पर युवकों की पहचान की गई। पुलिस ने चारों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ प्रतिबंधात्मक धाराओं में केस दर्ज किया है।
गिरफ्तार युवकों में राहुल मुन्ना पारगी (19), सुरेश सलीया मेडा (19), सुनील राजू पारगी (19) और पंकज उर्फ अंकित (20) शामिल हैं। इनमें से तीन की उम्र 19 साल और एक की उम्र 20 साल बताई गई है। सभी झोसर मातापाड़ा के रहने वाले हैं।
गूगल पर primetime24.com को अपना पसंदीदा स्रोत चुनिए आपके पसंदीदा स्रोतों की खबरें गूगल की टॉप स्टोरीज़ में ज़्यादा दिखती हैं।
कमेंट
अभी कोई कमेंट नहीं। पहले आप लिखिए।