पल्स पोलियो अभियान: 22 नवंबर को पांच साल तक के बच्चों को पिलाई जाएगी दवा
तस्वीरें सत्यापित नहीं हैं
कलेक्टर ऋषव गुप्ता ने जिला टास्क फोर्स की बैठक में पल्स पोलियो अभियान की तैयारियों की समीक्षा की। 22 नवंबर को बूथ दिवस है, 23 और 24 नवंबर को घर-घर दवा पिलाई जाएगी।
राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान की तैयारियों को लेकर कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में जिला टास्क फोर्स की बैठक हुई। बैठक की अध्यक्षता कलेक्टर ऋषव गुप्ता ने की। उन्होंने तैयारियों की समीक्षा की और अधिकारियों को निर्देश दिए कि अभियान का लक्ष्य शत-प्रतिशत पूरा किया जाए।
कलेक्टर गुप्ता ने कहा कि जन्म से लेकर 5 साल तक का कोई भी बच्चा पोलियो की दवा से वंचित नहीं रहना चाहिए। इसके लिए उन्होंने सभी विभागों से आपसी तालमेल के साथ काम करने को कहा।
अभियान के तहत 22 नवंबर को बूथ दिवस रहेगा। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि उस दिन सभी केंद्रों पर पर्याप्त दवा, टीकाकरण दल और जरूरी इंतजाम पक्के किए जाएं। इसके बाद 23 और 24 नवंबर को स्वास्थ्य दल घर-घर जाकर उन बच्चों को पोलियो की दवा पिलाएंगे, जो छूट गए हों।
कलेक्टर ने ईंट भट्टों, निर्माण स्थलों, वनग्रामों और ऐसे गांवों में खास निगरानी रखने को कहा, जहां पहुंचना मुश्किल है। उन्होंने गांव के स्तर पर व्यापक प्रचार-प्रसार करने और अभिभावकों को जागरूक करने के निर्देश भी दिए। साथ ही उन्होंने कहा कि ग्रामीण इलाकों में मुनादी करवाई जाए।
बैठक में जिला पंचायत खण्डवा के मुख्य कार्यपालन अधिकारी ऐश्वर्य वर्मा, अपर कलेक्टर श्रद्धा शुक्ल, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. ओपी जुगतावत और जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. अनिल तंतवर मौजूद थे। इनके अलावा स्वास्थ्य विभाग, महिला एवं बाल विकास, शिक्षा विभाग और पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग समेत सभी विभागों के अधिकारी भी बैठक में शामिल हुए।
गूगल पर primetime24.com को अपना पसंदीदा स्रोत चुनिए आपके पसंदीदा स्रोतों की खबरें गूगल की टॉप स्टोरीज़ में ज़्यादा दिखती हैं।
कमेंट
अभी कोई कमेंट नहीं। पहले आप लिखिए।