दमुआ CHC में डिलीवरी के बाद महिला के शरीर में पैड छूटने का आरोप, नर्सिंग ऑफिसर हटाई गई
तस्वीरें सत्यापित नहीं हैं
छिंदवाड़ा के दमुआ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में प्रसव के बाद पैड, पेपर और कपड़ा शरीर में रह जाने का आरोप है। BMO डॉ. सुरेश नागवंशी ने नर्सिंग ऑफिसर को हटाने और जांच जारी होने की बात कही।
छिंदवाड़ा के दमुआ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) में प्रसव के दौरान गंभीर लापरवाही का आरोप सामने आया है। परिवार का कहना है कि महिला की नॉर्मल डिलीवरी के बाद सफाई में इस्तेमाल किया गया पैड, पेपर और कपड़े का हिस्सा उसके शरीर के अंदर ही छोड़ दिया गया। मामला सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने संबंधित नर्सिंग ऑफिसर को हटा दिया है।
पीड़िता के पति के मुताबिक, उन्होंने पत्नी को 11 नवंबर को सुबह करीब 7 बजे दमुआ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया था। उसी दिन दोपहर 1 बजे महिला का सामान्य प्रसव हुआ।
परिजनों का आरोप है कि डिलीवरी के बाद सफाई के लिए इस्तेमाल किए गए पैड, पेपर और कपड़े को बाहर निकालने में लापरवाही बरती गई और यह सामग्री शरीर के अंदर ही रह गई। परिवार के अनुसार इसके बाद महिला को 4 दिन तक शौच नहीं हुआ। पेट में दर्द और भारीपन रहा और धीरे-धीरे पेट कड़क होने लगा।
14 नवंबर को बाथरूम के रास्ते पैड बाहर आया। तब जाकर परिवार को मामले की गंभीरता का पता चला। महिला की हालत देखकर परिजन उसे परासिया के सेवा सदन हॉस्पिटल ले गए, जहां सोनोग्राफी सहित जांच कराई गई। परिजनों का दावा है कि जांच में कुछ कण मिले और संक्रमण की आशंका बताई गई।
परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर डिस्चार्ज को लेकर भी सवाल उठाए हैं। पति का कहना है कि 15 नवंबर को सुबह करीब 9 बजे उन्हें डिस्चार्ज पेपर दे दिए गए थे, लेकिन कलेक्टर के दौरे का हवाला देकर अस्पताल से निकलने में देरी करवाई गई। परिवार के अनुसार वे दोपहर करीब 1 से 2 बजे के बीच अस्पताल से घर के लिए रवाना हुए। परिजनों का यह भी आरोप है कि अस्पताल प्रबंधन अब कह रहा है कि मरीज बिना डिस्चार्ज हुए चली गई।
इस मामले पर ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर (BMO) डॉ. सुरेश नागवंशी ने बताया कि संबंधित नर्सिंग ऑफिसर सुजाता पाटिल को हटा दिया गया है और मामले की जांच जारी है। उनके मुताबिक जांच के बाद ही साफ हो सकेगा कि लापरवाही के लिए कौन जिम्मेदार है।
पीड़ित परिवार अब प्रशासन से न्याय की मांग कर रहा है। परिजनों का कहना है कि वे पहले तहसील में ज्ञापन सौंपेंगे और मंगलवार को कलेक्टर की जनसुनवाई में पूरे मामले की शिकायत करेंगे। उनका कहना है कि कार्रवाई नहीं हुई तो धरना-प्रदर्शन किया जाएगा और शिकायत उच्च अधिकारियों तक पहुंचाई जाएगी।
गूगल पर primetime24.com को अपना पसंदीदा स्रोत चुनिए आपके पसंदीदा स्रोतों की खबरें गूगल की टॉप स्टोरीज़ में ज़्यादा दिखती हैं।
कमेंट
अभी कोई कमेंट नहीं। पहले आप लिखिए।