खंडवा में 16 नवंबर को जनजाति गौरव दिवस का राज्य स्तरीय आयोजन, सीएम मोहन यादव आएंगे
तस्वीरें सत्यापित नहीं हैं
भाजपा ने जनजाति गौरव दिवस के लिए साप्ताहिक कार्यक्रम शुरू कर दिए हैं। मुख्य राज्य स्तरीय आयोजन 16 नवंबर को खंडवा के नाहल्दा में होगा, जिसमें मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शामिल होंगे।
भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर मनाए जाने वाले जनजाति गौरव दिवस को लेकर भाजपा ने साप्ताहिक कार्यक्रम शुरू कर दिए हैं। इस बार इसका राज्य स्तरीय मुख्य आयोजन खंडवा में होगा। गुरुवार को भाजपा कार्यालय में हुई प्रेस वार्ता में पार्टी ने साप्ताहिक कार्यक्रमों और मुख्यमंत्री के खंडवा दौरे की जानकारी दी।
16 नवंबर को नाहल्दा के कॉलेज स्टेडियम में होने वाले कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शामिल होंगे। उनका हेलीकॉप्टर केंद्रीय विद्यालय परिसर में बने हेलीपैड पर उतरेगा और वहां से वे सड़क के रास्ते कार्यक्रम स्थल पहुंचेंगे। पार्टी और प्रशासन, दोनों स्तर पर तैयारियां चल रही हैं।
कार्यक्रम में जनजाति समाज के साथ युवाओं की भागीदारी पर खास जोर रहेगा। जेन-जी यानी नई पीढ़ी के युवाओं को जनजातीय समाज के गौरवशाली इतिहास, आजादी की लड़ाई में उनके योगदान और महापुरुषों के बलिदान से जोड़ने की रणनीति बनाई गई है। ज्यादा से ज्यादा युवाओं को लाने की जिम्मेदारी प्रशासन को दी गई है।
भाजपा प्रदेश प्रवक्ता और विधायक छाया मोरे ने बताया कि 14 नवंबर को पूरे जिले में जनजातीय महापुरुषों के स्मारकों और प्रतिमाओं पर स्वच्छता अभियान चलेगा। स्मारकों की सफाई के साथ दीप जलाकर पूजा-अर्चना भी की जाएगी। इसके बाद 15 और 16 नवंबर को मुख्यमंत्री के राज्य स्तरीय कार्यक्रम होंगे। उनका पहला कार्यक्रम 14 नवंबर को जबलपुर में, दूसरा 15 नवंबर को धार में और तीसरा, मुख्य कार्यक्रम 16 नवंबर को खंडवा में होगा। खंडवा जिले की चारों विधानसभा सीटों पर भी 14 और 15 नवंबर को जनजाति गौरव दिवस के कार्यक्रम होंगे, जिनमें जनजातीय स्वतंत्रता सेनानियों और ऐतिहासिक हस्तियों के योगदान को याद किया जाएगा।
विधायक मोरे ने कहा कि जनजाति समाज के कई महापुरुषों का इतिहास लंबे समय तक लोगों के सामने नहीं आ पाया। उनके मुताबिक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने जनजातीय समाज के गौरव और योगदान को सामने लाने का काम किया है। उन्होंने कहा कि देश की रक्षा और आजादी के लिए प्राण देने वाले इन महापुरुषों की जयंती और पुण्यतिथि अब बड़े स्तर पर मनाई जा रही हैं।
प्रेस वार्ता में टंट्या मामा के नाम पर विश्वविद्यालय खरगोन में बनाए जाने पर सवाल उठा। सवाल यह था कि टंट्या मामा का संबंध बड़ौदा क्षेत्र से रहा है, तो कॉलेज या विश्वविद्यालय बड़ौदा में खोलने के बजाय खरगोन में क्यों बनाया गया। इस पर छाया मोरे ने कहा कि जनजातीय समाज की मौजूदगी खंडवा के साथ खरगोन जिले में भी है। आसपास के इलाकों की भौगोलिक स्थिति को ध्यान में रखकर सोच-समझकर विश्वविद्यालय खरगोन में स्थापित किया गया है। उनके मुताबिक इसका मकसद जनजातीय समाज के ज्यादा से ज्यादा लोगों तक शिक्षा की सुविधा पहुंचाना है।
प्रधानमंत्री मोदी पर कांग्रेस नेताओं की टिप्पणियों के सवाल पर भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष आए दिन प्रधानमंत्री के बारे में टिप्पणी करते हैं, कभी उनके माता-पिता को लेकर तो कभी व्यक्तिगत तौर पर। उन्होंने कहा कि 2014 में प्रधानमंत्री बनने के बाद मोदी के नेतृत्व में देश में बड़े बदलाव हुए हैं और विकास कार्यों व जनकल्याणकारी योजनाओं से देश को आगे बढ़ाया गया है। उन्होंने राम मंदिर निर्माण, जम्मू-कश्मीर से धारा 370 हटाने और ऑपरेशन सिंदूर जैसे फैसलों का जिक्र करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री ने 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का संकल्प लिया है।
प्रधानमंत्री की तारीफ करते हुए मोरे ने कहा, "मैं तो मानती हूं कि हमारे कलयुग के भगवान हैं माननीय मोदी जी। उन्होंने संकल्प लिया है कि 2047 में पूरा देश विकसित होगा। 500 साल पुराने राम मंदिर के सपने को पूरा करना, धारा 370 हटाना और ऑपरेशन सिंदूर जैसे काम उन्होंने किए हैं। हम नजर मिलाकर बात करते हैं, नजर झुकाकर चलने वाला कोई काम नहीं किया।" प्रेस वार्ता में भाजपा जिलाध्यक्ष राजपालसिंह तोमर सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
गूगल पर primetime24.com को अपना पसंदीदा स्रोत चुनिए आपके पसंदीदा स्रोतों की खबरें गूगल की टॉप स्टोरीज़ में ज़्यादा दिखती हैं।
कमेंट
अभी कोई कमेंट नहीं। पहले आप लिखिए।