रविवार, 15 नवंबर 2026

अभी सब्सक्राइब करें
प्राइम अलर्ट
सारे लाइव अपडेट

खंडवा के सहेजला में विवाहिता की जहर खाने से मौत, भाई का ससुराल पक्ष पर गर्भपात कराने का आरोप

अस्पताल के बाहर पुलिसकर्मी मेज पर लिख रहा है, लोग धूप में इंतजार कर रहे हैं तस्वीरें सत्यापित नहीं हैं
जुर्म PT24 अपराध डेस्क

खंडवा के सहेजला गांव में 25 साल की बिंदिया गिरी की जिला अस्पताल में मौत हो गई। भाई ने ससुराल वालों पर गर्भपात की दवा खिलाने और प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। पुलिस जांच कर रही है।

खंडवा जिले के सहेजला गांव में 25 साल की एक विवाहिता की जहर खाने से मौत हो गई। गुरुवार सुबह जिला अस्पताल में इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। मृतका की पहचान बिंदिया गिरी के रूप में हुई है। वह प्रवीण पुरी की पत्नी थी।

बिंदिया गांव सहेजला में ही रहती थी। उसका मायका हरसूद थाना क्षेत्र के गांव साल्या में है। करीब दो साल पहले उसकी शादी हुई थी। उसका 8 महीने का एक बेटा है, जो फिलहाल अपने पिता के पास है। पति खेती-किसानी करता है और गांव में किराना दुकान भी चलाता है।

बिंदिया के भाई राजेश गिरी के मुताबिक, बुधवार सुबह भाई-दूज पर वह बहन से मिलने उसकी ससुराल गया था। बातचीत में बिंदिया ने बताया कि वह दूसरी बार गर्भवती थी, लेकिन ससुराल वाले दूसरी संतान नहीं चाहते थे। राजेश का आरोप है कि ससुराल वालों ने बहन को गर्भपात की दवा खिलाकर गर्भ गिरवा दिया था। उसका कहना है कि इसी बात से बहन मानसिक तनाव में थी और उसे प्रताड़ित भी किया जा रहा था।

राजेश ने बताया कि बिंदिया उसे अपनी परेशानी और बताना चाहती थी। तभी उसकी सास वहां आ गई और उसे कमरे में ले गई। इसके बाद राजेश वहां से निकल गया।

राजेश के अनुसार, ससुराल से निकलने के बाद वह रास्ते में था। शाम करीब 6 बजे बिंदिया ने उसे वीडियो कॉल किया। उस वक्त वह गाड़ी चला रहा था, इसलिए उसने कहा कि बाद में बात करेगा और वापस कॉल करेगा। कुछ देर बाद उसे खबर मिली कि बहन ने जहरीली दवा खा ली है। परिजन उसे खंडवा जिला अस्पताल ले गए, जहां गुरुवार सुबह उसकी मौत हो गई।

पिता दिनेश गिरी ने बताया कि रात करीब 8 से 8:30 बजे के बीच उनके पास फोन आया था। उन्हें बताया गया कि बिंदिया ने जहरीली दवा खा ली है और उसे खंडवा के अस्पताल में लाया गया है। खबर मिलते ही वे अस्पताल पहुंच गए और पूरी रात वहीं रहे। पिता का कहना है कि बेटी को ससुराल में परेशानी थी। उन्होंने उसकी मौत के कारणों की पूरी जांच कराने की मांग की है।

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मर्ग कायम कर लिया है। विवाहिता की मौत के कारणों की जांच की जा रही है। आगे की कार्रवाई पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों के बयान के आधार पर होगी। भाई ने ससुराल पक्ष पर गर्भपात कराने और प्रताड़ित करने के आरोप लगाए हैं, पुलिस इन आरोपों की भी जांच करेगी।

#इंदौर#जुर्म#PT24#Crime#Indore

गूगल पर primetime24.com को अपना पसंदीदा स्रोत चुनिए आपके पसंदीदा स्रोतों की खबरें गूगल की टॉप स्टोरीज़ में ज़्यादा दिखती हैं।

विज्ञापन