रविवार, 15 नवंबर 2026

अभी सब्सक्राइब करें
प्राइम अलर्ट
सारे लाइव अपडेट

खंडवा के पेट्रोल पंप पर कचरे के पास खुले में पड़ी मिली 15 टोकरी मावा, रतलाम से आया था

दिन की रोशनी में पेट्रोल पंप, सड़क किनारे कचरा और पास से गुजरती बसें दिखती हैं तस्वीरें सत्यापित नहीं हैं
PT24 इंदौर टीम

खंडवा के इंदौर नाका पेट्रोल पंप पर बुधवार सुबह कचरे के ढेर के पास मावे की 15 टोकरियां खुले में मिलीं। खाद्य सुरक्षा विभाग ने नमूने लिए, जांच रिपोर्ट के बाद कार्रवाई होगी।

खंडवा शहर में खाने-पीने की चीजों के परिवहन और रखरखाव में लापरवाही का मामला फिर सामने आया है। इंदौर नाका पर बने पेट्रोल पंप पर बुधवार सुबह कचरे के ढेर के पास मावे से भरी 15 टोकरियां खुले में रखी मिलीं।

यह मावा रतलाम से बस के जरिए खंडवा लाया गया था। उसे तय जगह पर पहुंचाने के बजाय पेट्रोल पंप पर ही उतारकर छोड़ दिया गया। कचरे के पास खुले में मावा पड़े होने की खबर मिली तो हिंदूवादी संगठनों के कार्यकर्ता वहां पहुंचे। उन्होंने इस पर आपत्ति जताई और प्रशासनिक अधिकारियों को इसकी जानकारी दी।

सूचना मिलने के बाद खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम मौके पर पहुंची और मावे के नमूने लेने शुरू किए। जानकारी के मुताबिक हर टोकरी में करीब 25 किलो मावा भरा था। अधिकारियों के अनुसार पूरी खेप का वजन लगभग तीन क्विंटल है। नगर निगम के स्वास्थ्य अधिकारी जाकिर और खाद्य सुरक्षा अधिकारी राधेश्याम गोले भी मौके पर आए। उन्होंने मावे की हालत देखी और सैंपलिंग की। अधिकारियों का कहना है कि जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

कहारवाड़ी की लालाजी मावा दुकान के संचालक सावन जायसवाल भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने अधिकारियों को बताया कि मावा रतलाम से मंगवाया गया था। बस से माल उतारने के लिए हम्माल भेजे गए थे, लेकिन वे तय समय पर नहीं पहुंच सके। इसलिए बस चालक ने टोकरियां पेट्रोल पंप पर ही उतार दीं और वहां से चला गया। जायसवाल ने बताया कि इस खेप में उनकी पांच टोकरियां भी थीं।

मौके पर कुछ टोकरियां फटी हुई थीं और पूरी खेप कचरे के ढेर के पास खुले में पड़ी थी। खाने की चीज इस तरह रखे जाने से संगठनों के लोग नाराज थे। उन्होंने अधिकारियों से मांग की कि खाद्य पदार्थों के परिवहन और रखरखाव में लापरवाही करने वालों पर कार्रवाई की जाए। मावे की गुणवत्ता कैसी है, यह अब खाद्य सुरक्षा विभाग की जांच रिपोर्ट से साफ होगा।

#इंदौर#PT24#Indore

गूगल पर primetime24.com को अपना पसंदीदा स्रोत चुनिए आपके पसंदीदा स्रोतों की खबरें गूगल की टॉप स्टोरीज़ में ज़्यादा दिखती हैं।

विज्ञापन