बुधवार, 18 नवंबर 2026

अभी सब्सक्राइब करें
प्राइम अलर्ट
सारे लाइव अपडेट

इंदौर नगर निगम: पटेल, अटल और विवेकानंद की प्रतिमाओं की तारीखें तय, 15 जगह लेफ्ट टर्न सुधरेंगे

चौराहे के बीच मचान से घिरी प्रतिमा, आसपास ऑटो रिक्शा, पेड़ और इमारतें तस्वीरें सत्यापित नहीं हैं
शहर PT24 शहर डेस्क

महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने यातायात विभाग की समीक्षा बैठक में तीन प्रतिमाओं के काम की समयसीमा तय की। 15 जगह लेफ्ट टर्न और आठ पार्किंग साइटों के टेंडर पर भी निर्देश दिए गए।

इंदौर के प्रमुख चौराहों और सार्वजनिक स्थलों को महापुरुषों की प्रतिमाओं और नए निर्माण कार्यों से नया रूप देने की तैयारी है। नगर निगम ने सरदार वल्लभभाई पटेल, पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी और स्वामी विवेकानंद की प्रतिमाओं के लिए समयसीमा तय कर दी है।

यह फैसला सोमवार को महापौर सभाकक्ष में हुई यातायात विभाग की समीक्षा बैठक में हुआ। बैठक महापौर पुष्यमित्र भार्गव की मौजूदगी में हुई। इसमें यातायात प्रभारी राकेश जैन, पार्षद योगेश गेंदर, पंखुड़ी जैन डोसी, अपर आयुक्त अभय राजनगांवकर, विभागीय अधिकारी और कंसलटेंट मौजूद रहे। महापौर ने सभी निर्माण कार्य तय समयसीमा में पूरे करने के निर्देश दिए।

पटेल चौराहे पर सरदार वल्लभभाई पटेल की प्रतिमा लगाई जा रही है। महापौर ने यहां चल रहे सिविल वर्क, म्यूरल निर्माण, मूर्ति निर्माण और बिजली के काम की प्रगति जानी। उन्होंने सभी काम 30 नवंबर तक पूरे करने को कहा है। प्रतिमा का लोकार्पण 15 दिसंबर को होगा।

दशहरा मैदान परिसर में भारत रत्न और पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा लग रही है। यहां फुटिंग का काम पूरा हो चुका है और मूर्ति बनाने का काम जारी है। महापौर ने बाकी काम 15 दिसंबर तक पूरा करने के निर्देश दिए, ताकि 25 दिसंबर को अटलजी की जयंती पर प्रतिमा का अनावरण हो सके।

सिरपुर के देवी अहिल्या उद्यान में स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा अगले 50 दिनों में स्थापित करने का लक्ष्य रखा गया है। महापौर ने फुटिंग, सिविल वर्क और मूर्ति निर्माण की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों से रोजाना प्रगति रिपोर्ट तैयार करने और काम पर नजर रखने को कहा।

नेहरू पार्क में एसजीएसआईटीएस कॉलेज के पास चंद्रयान की प्रतिकृति बन रही है। बैठक में इस काम की भी समीक्षा हुई। महापौर ने बचा हुआ निर्माण जल्द पूरा करने के निर्देश दिए।

शहर में ट्रैफिक का दबाव कम करने और वाहन चालकों को जाम से राहत देने के लिए निगम 15 प्रमुख स्थानों पर लेफ्ट टर्न और चौराहों के विकास पर काम करेगा। बैठक में इन जगहों की प्रगति देखी गई। हरसिद्धि चौराहे के विकास कार्य पर भी चर्चा हुई।

नगर निगम की आठ पार्किंग साइटों के टेंडर और संचालन की व्यवस्था पर भी अधिकारियों से जानकारी ली गई। इनमें महाराजा कॉम्प्लेक्स, सरवटे बस स्टैंड पार्किंग, स्कीम नंबर-54 में सत्यसाईं स्कूल के पास की पार्किंग, पालिका प्लाजा, रघुनाथ पेट्रोल पंप पार्किंग, बजाजखाना चौक की बहुमंजिला पार्किंग, कोठारी मार्केट पार्किंग और प्रेमसुख टॉकीज के पास की पार्किंग शामिल हैं। महापौर ने इनकी टेंडर प्रक्रिया और संचालन व्यवस्था बेहतर करने के निर्देश दिए।

#इंदौर#शहर#PT24#Civic#Indore

गूगल पर primetime24.com को अपना पसंदीदा स्रोत चुनिए आपके पसंदीदा स्रोतों की खबरें गूगल की टॉप स्टोरीज़ में ज़्यादा दिखती हैं।

विज्ञापन