इंदौर के खुड़ैल में छात्रा का नंबर पाने के लिए रिश्तेदारों को परेशान करने का आरोप, भाई को धमकी
तस्वीरें सत्यापित नहीं हैं
खुड़ैल पुलिस ने 21 साल की छात्रा की शिकायत पर नवीन शर्मा उर्फ शिवा के खिलाफ FIR दर्ज की है। उस पर नंबर के लिए रिश्तेदारों को परेशान करने और भाई को धमकाने का आरोप है।
इंदौर के खुड़ैल थाना क्षेत्र में एकतरफा प्यार के चलते एक 21 साल की छात्रा को बदनाम करने का मामला सामने आया है। खुड़ैल पुलिस ने छात्रा की शिकायत पर खातीवाला टैंक के रहने वाले नवीन शर्मा उर्फ शिवा के खिलाफ FIR दर्ज की है। पुलिस अब उसकी तलाश कर रही है।
खुड़ैल पुलिस के मुताबिक छात्रा ने शिकायत में बताया कि आरोपी नवीन करीब दो साल पहले उसे एक दुकान पर देख चुका था। उस वक्त आरोपी वहीं काम करता था और छात्रा कपड़े खरीदने वहां जाती थी। इसके कुछ समय बाद छात्रा का परिवार दूसरी जगह रहने चला गया।
छात्रा के मुताबिक 2 अक्टूबर 2026 से आरोपी उसके जीजा को वॉट्सऐप पर मैसेज और कॉल करके छात्रा का मोबाइल नंबर मांगने लगा। जीजा ने वजह पूछी तो उसने कहा कि वह छात्रा से शादी करना चाहता है। इसके बाद उसने छात्रा की बड़ी बहन, भाभी और भाभी की बहन को भी इंस्टाग्राम और वॉट्सऐप पर मैसेज भेजकर नंबर मांगना शुरू कर दिया।
आरोप है कि कभी वह पैसे लेने का बहाना बनाता था, तो कभी कहता था कि उसे छात्रा पसंद है। उसने रिश्तेदारों से यह भी कहा कि जो भी उसे छात्रा का नंबर देगा, उसे वह 40 से 50 हजार रुपये तक देगा। रिश्तेदारों को फोन करके वह छात्रा को अपनी गर्लफ्रेंड बताता था और उसके बारे में अश्लील और भ्रामक बातें भी फैला रहा था।
रिश्तेदारों से ये बातें पता चलने पर छात्रा परेशान हो गई। जब उसके भाई को आरोपी की हरकतों का पता चला, तो उसने रिश्तेदारों से बात करके नवीन का नंबर लिया और कहा कि फोन आए तो उससे बात कराई जाए। भाभी की बहन से भाई का नंबर मिलने पर नवीन ने उसे वॉट्सऐप कॉल किया।
भाई ने बहन के बारे में झूठी बातें फैलाने पर आपत्ति जताई तो आरोपी भड़क गया। छात्रा के मुताबिक उसने धमकी दी कि अगर छात्रा का नंबर नहीं दिया गया और उससे बात नहीं कराई गई, तो वह AI की मदद से उसकी अश्लील फोटो बनाकर वायरल कर देगा। उसने यह भी कहा कि वह उसकी है और वह उसकी शादी कहीं और नहीं होने देगा। आरोप है कि उसने धमकी दी कि अगर छात्रा ने किसी दूसरे व्यक्ति से शादी की, तो वह उसे खत्म कर देगा।
लगातार मिल रही धमकियों और बदनामी से परेशान होकर छात्रा 14 नवंबर की रात परिजनों के साथ खुड़ैल थाने पहुंची और पूरे मामले की शिकायत दी। पुलिस ने शनिवार रात आरोपी के खिलाफ FIR दर्ज कर ली।
गूगल पर primetime24.com को अपना पसंदीदा स्रोत चुनिए आपके पसंदीदा स्रोतों की खबरें गूगल की टॉप स्टोरीज़ में ज़्यादा दिखती हैं।
कमेंट
अभी कोई कमेंट नहीं। पहले आप लिखिए।