मंगलवार, 17 नवंबर 2026

अभी सब्सक्राइब करें
प्राइम अलर्ट
सारे लाइव अपडेट

ग्वालियर: कुत्ते के गाड़ी पर पेशाब करने पर पिता-पुत्र पर हमले का आरोप, केस दर्ज

तंग गली में पुलिसकर्मी खड़ी कार के पास बात कर रहे हैं, आसपास लोग देख रहे हैं तस्वीरें सत्यापित नहीं हैं
जुर्म PT24 अपराध डेस्क

ग्वालियर के रिसाला बाजार में पालतू कुत्ते के पड़ोसी की गाड़ी पर टॉयलेट करने पर विवाद हुआ। आरोप है कि पिता-पुत्र ने सोनू राठौर और उनकी पत्नी से मारपीट की। पुलिस ने केस दर्ज कर तलाश शुरू की है।

ग्वालियर के मुरार थाना क्षेत्र में आने वाले रिसाला बाजार में पालतू कुत्ते को लेकर दो पड़ोसियों के बीच झगड़ा हो गया। आरोप है कि गाड़ी पर कुत्ते के टॉयलेट करने से नाराज पड़ोसी पिता-पुत्र ने सोनू राठौर पर घर के पास ही लाठी-डंडों और धारदार हथियार से हमला कर दिया। बीच-बचाव करने आई सोनू की पत्नी कविता के साथ भी मारपीट की गई। पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई।

पुलिस ने पीड़ित की शिकायत और फुटेज के आधार पर शनिवार रात आरोपी पिता-पुत्र के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। पुलिस ने दोनों की तलाश शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, रिसाला बाजार के रहने वाले सोनू राठौर (40), पुत्र पन्नालाल राठौर, 9 नवंबर की रात करीब 11:30 बजे अपने पालतू कुत्ते को टहला रहे थे। इसी दौरान कुत्ते ने पड़ोसी कल्लू राठौर की खड़ी गाड़ी पर टॉयलेट कर दिया। आरोप है कि इससे नाराज होकर कल्लू और उनका बेटा रोहित लाठी-डंडे और तलवार लेकर मौके पर पहुंच गए और सोनू से गाली-गलौज करने लगे।

सोनू ने विरोध किया तो आरोप है कि दोनों ने लात-घूंसों और डंडों से उनकी पिटाई कर दी। इसी बीच कल्लू ने हाथ में पकड़े धारदार हथियार से सोनू की बाईं आंख के पास वार कर दिया। सोनू घायल होकर जमीन पर गिर पड़े।

सोनू की चीख-पुकार सुनकर उनकी पत्नी कविता राठौर बीच-बचाव करने पहुंचीं। आरोप है कि आरोपियों ने उनके साथ भी मारपीट की, जिससे उनके दाहिने पैर के घुटने में चोट आई। मौके पर मौजूद तरुण राजे और मोहित तिवारी ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया। आरोप यह भी है कि जाते समय हमलावरों ने धमकी दी कि अगर कुत्ता दोबारा इस तरफ दिखा, तो वे जान से मार देंगे।

घटना के पांच दिन बाद पीड़ित दंपति ने थाने पहुंचकर लिखित और मौखिक शिकायत दर्ज कराई। सीसीटीवी फुटेज में आरोपी लाठी-डंडों और हथियार के साथ हमला करते दिखाई दे रहे हैं। पुलिस ने सोनू की शिकायत और फुटेज के आधार पर दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। बताया जा रहा है कि घटना के बाद से दोनों आरोपी फरार हैं और पुलिस उनकी तलाश में दबिश दे रही है।

थाना प्रभारी गोविंद बगोली ने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर केस दर्ज कर लिया गया है और आरोपियों की तलाश की जा रही है। उन्होंने कहा कि जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

#इंदौर#जुर्म#PT24#Crime#Indore

गूगल पर primetime24.com को अपना पसंदीदा स्रोत चुनिए आपके पसंदीदा स्रोतों की खबरें गूगल की टॉप स्टोरीज़ में ज़्यादा दिखती हैं।

विज्ञापन