हाईकोर्ट ने कहा: दूसरा रिश्ता बनाने से विधवा का संपत्ति अधिकार खत्म नहीं होता
तस्वीरें सत्यापित नहीं हैं
मध्य प्रदेश हाईकोर्ट ने सतना के नागौद के करीब 37 साल पुराने जमीन विवाद में सेकंड अपील खारिज कर दी। अदालत ने भाभी सावित्री बाई का हिस्सा बरकरार रखा।
मध्य प्रदेश हाईकोर्ट ने साफ किया है कि पति की मौत के बाद अगर कोई महिला किसी और के साथ रिश्ता बना ले, तो इससे पति की संपत्ति में पहले से मिला उसका हक खत्म नहीं हो जाता। अदालत के मुताबिक बाद में बने संबंध का उस अधिकार पर कोई असर नहीं पड़ता, जो महिला को पहले ही मिल चुका था।
जस्टिस प्रणय वर्मी की कोर्ट ने शनिवार को यह टिप्पणी करते हुए करीब 37 साल पुराने संपत्ति विवाद में सेकंड अपील खारिज कर दी। यह अपील भाभी को उसके दिवंगत पति की संपत्ति में मिले अधिकार को चुनौती दे रही थी। हाईकोर्ट ने निचली अदालत और जिला न्यायालय, दोनों के फैसले बरकरार रखे।
मामला सतना जिले की नागौद तहसील का है। विवादित जमीन के मूल मालिक साधूवा थे। उनके चार बेटे थे: गोपलिया, लल्ली, साहेबा और रामशेल। सावित्री बाई की शादी सबसे पहले गोपलिया से हुई थी।
वर्ष 1950 में गोपलिया की मृत्यु हो गई और उनकी कोई संतान नहीं थी। इसके बाद जातिगत रीति-रिवाजों के अनुसार सावित्री बाई अपने देवर लल्ली के साथ पत्नी के रूप में रहने लगीं। इस संबंध से उनकी एक बेटी हुई। लल्ली की मृत्यु के बाद वे साहेबा के साथ रहने लगीं।
इसी दौरान परिवार के दूसरे सदस्यों ने आपस में जमीन का बंटवारा कर लिया। इस बंटवारे में सावित्री बाई को उनके एक-तिहाई हिस्से से वंचित कर दिया गया। उन्होंने इसके खिलाफ अदालत में याचिका दायर की और संपत्ति में अपना अधिकार मांगा।
नागौद के सिविल जज ने 4 अप्रैल 1989 को सावित्री बाई के पक्ष में फैसला सुनाया। फिर 25 नवंबर 1993 को जिला न्यायालय ने भी उनके संपत्ति अधिकार को बरकरार रखा।
इन दोनों फैसलों को चुनौती देते हुए साहेबा उर्फ साहब ने वर्ष 1994 में मध्य प्रदेश हाईकोर्ट में सेकंड अपील दाखिल की थी। करीब 37 साल चले इस विवाद में हाईकोर्ट ने अब अपील खारिज कर दी है।
गूगल पर primetime24.com को अपना पसंदीदा स्रोत चुनिए आपके पसंदीदा स्रोतों की खबरें गूगल की टॉप स्टोरीज़ में ज़्यादा दिखती हैं।
कमेंट
अभी कोई कमेंट नहीं। पहले आप लिखिए।